Barmer Chunav: रविंद्र सिंह भाटी के भाई पर बड़ी पुलिस कार्रवाई, वोटिंग के बीच तुरंत छोड़ना पड़ा जैसलमेर
Barmer Chunav News: राजस्थान के सबसे युवा नेता रविंद्र सिंह भाटी को बाड़मेर-जैसलमेर का सांसद बनाने के लिए उनके छोटे भाई रणवीर सिंह भाटी ने भी आज मतदान दिवस को पूरी ताकत लगा रखी है।
रणवीर सिंह भाटी के खिलाफ जैसलमेर पुलिस ने मतदान के दौरान बड़ी कार्रवाई की है और उनके जैसलमेर से जिला बदर कर दिया गया है। उन्हें तुरंत प्रभाव से जैसलमेर जिला छोड़ने को कहा गया है।

बाड़मेर-जैसलमेर लोकसभा चुनाव 2024 में मतदान के दौरान जहां उम्मीदवार रविंद्र सिंह भाटी की टीम पर बूथ कैपचरिंग तो छोटे भाई रणवीर सिंह भाटी पर जैसलमेर में मतदाताओं को प्रभावित करने के आरोप लगे हैं।
जैसलमेर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी शेयर की कि 'लोकसभा क्षेत्र बाड़मेर से निर्दलीय प्रत्याशी रविन्द्र सिंह भाटी का भाई, जो जैसलमेर का वोटर नहीं है। वह जिला जैसलमेर में घूमकर मतदाताओं को प्रभावित कर रहा है। निर्दलीय प्रत्याशी के भाई से जिला पुलिस जैसलमेर यह अपील करती है कि आप तुरंत इस जिला से बाहर चले जाए।'
बाड़मेर-जैसलमेर सीट पर आज 26 अप्रैल को दंगल हो रहा है। राजस्थान में दूसरे चरण की 13 सीटों में बाड़मेर सबसे हॉट सीट है। यहां पर निर्दलीय प्रत्याशी रविंद्र सिंह भाटी से भाजपा के कैलाश चौधरी व कांग्रेस के उम्मेदाराम बेनीवाल को कड़ी टक्कर मिल रही है। रविंद्र भाटी पहले भाजपा में ही हुआ करते थे, मगर छात्रसंघ चुनाव व विधानसभा चुनाव 2023 में टिकट नहीं मिलने के कारण बागी हो गए।
बाड़मेर-जैसलमेर में कितना मतदान?
दोपहर 3 बजे तक बाड़मेर जैसलमेर संसदीय क्षेत्र 59.71 प्रतिशत वोट डाले जा चुके हैं जबकि राजस्थान की 13 सीटों में अभी तक 50.27 प्रतिशत मतदान हुआ है।
बाड़मेर लोकसभा सीट के बाड़मेर में 63.18 प्रतिशत, बायतू में 61.70 प्रतिशत, चौहटन में 59.68 प्रतिशत, गुढ़ामालानी में 61.91 प्रतिशत, जैसलमेर में 63.79 प्रतिशत, पचपदरा में 54.40 प्रतिशत और शिव में 63.53 प्रतिशत और सिवाना में 49.33 प्रतिशत वोट पड़े हैं।












Click it and Unblock the Notifications