बांसवाड़ा : नवजात बेटी को तीसरी मंजिल से नीचे फेंका, कुछ घंटों पहले ही हुआ था जन्म
बांसवाड़ा, 21 जून। उसे दुनिया में आए चंद लम्हे ही हुए थे। उसकी किलकारी गूंजी ही थी बस। आंख तो ठीक से खुली भी नहीं। छुईमुई सा उसका शरीर केवल मखमली बिछौना और मां का आंचल चाहता था, मगर उसके हिस्से मौत आई। फूल सी इस बेटी ने कांटों में तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। इसके अपनों ने ही इसे तीन मंजिल से नीचे फेंक दिया था। हर किसी को झकझोर देने वाला यह मामला राजस्थान के बांसवाड़ा जिले का है।

आदिवासी बाहुल्य बांसवाड़ा जिले के राजतालाब चौकी प्रभारी रघुवीरसिंह ने बताया कि घटना सोमवार की पृथ्वीगंज इलाके की है। अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पड़ोसियों ने नवजात के शव को देखकर पुलिस को सूचना दी था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नवजात के शव को अपने कब्जे लिया।
पुलिस को सोमवार को सूचना मिली कि एक नवजात का शव पृथ्वीगंज स्थित सरकारी स्कूल के पीछे पड़ा है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि शव नवजात कन्या था। कुछ घंटों पहले ही उसका जन्म हुआ था। उसे समीप ही स्थित एक मकान की तीसरी मंजिल से फेंके जाने की आशंका है। मकान की तीसरी मंजिल की छत पर खून के कुछ निशान भी मिले हैं। बेटी को किसने फेंका इसका अभी पता नहीं चल पाया है।
पृथ्वीगंज निवासी रामचंद्र तेली की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. पुलिस का कहना है कि पास के एक मकान की तीसरी मंजिल की छत पर खून के कुछ निशान भी मिले हैं। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि वहां नवजात को हवा में फेंका किया गया है। नवजात को जिंदा फेंका गया था या मौत के बाद यह भी जांच का विषय है।












Click it and Unblock the Notifications