Loot in Churu : मणप्पुरम गोल्ड लोन ऑफिस चूरू से 4 बदमाश 12 मिनट में लूट ले गए 9 करोड़ का सोना
चूरू, 15 जून। राजस्थान के चूरू में 4 लुटेरों ने दिनदहाड़े फिल्मी स्टाइल में करीब 9 करोड़ का सोना और 8 लाख 92 हजार रुपये लूट लिए। लुटेरों ने सिर्फ 12 मिनट में इस पूरी लूट को अंजाम दिया। लोग कुछ समझ पाते उससे पहले बदमाश बड़े आराम से वहां से फरार हो गए। दो बदमाशों को बाद में पकड़कर उनसे लूटा गया सोना व करीब छह लाख रुपए बरामद कर लिए।

मणप्पुरम फाइनेंस गोल्ड लोन ब्रांच चूरू
दरअसल, चूरू में पुरानी सड़क पर रिलायंस मॉल के पास मणप्पुरम फाइनेंस लिमिटेड गोल्ड लोन की ब्रांच है। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे 4 बदमाश यहां पहुंचे। उस दौरान ब्रांच में मैनेजर समेत 4 लोग मौजूद थे। चारों बदमाश शाखा में गोल्ड लोन लेने की बात कहकर अंदर घुसे। इनमें से एक बदमाश ने अपनी अंगूठी देकर कहा कि उसे लोन लेना है और फिर मौका देखकर कर्मचारियों पर पिस्टल तान दी।

बदमाशों ने कर्मचारियों ने फोन छीने
इसके बाद बदमाशों ने सभी ब्रांच कर्मचारियों के फोन छीन लिए। पिस्टल की नोंक पर सेफ खुलवाकर उसमें रखा करीब 17 किलो सोना और कैश काउंटर से 8 लाख 92 हजार रुपए नकद लूट लिये। घटना की सूचना मिलते ही चूरू पुलिस मौके पर पहुंची और आस-पास के इलाकों में नाकाबंदी करवाई गई।

हिसार में पकड़े गए दो बदमाश
चूरू एसपी नारायण टोगस के अनुसार वारदात के बाद पुलिस ने राजस्थान व हरियाणा में कड़ी नाकाबंदी करवाई। करीब 4 घंटे बाद हिसार में सुरेवाला चौक से दो बदमाशों को बैग के साथ गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो अन्य बदमाशों की तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications