राजस्थान: छात्रा की रेप के बाद स्कूल बेल्ट से गला घोंटकर हत्या, ग्रामीणों में आक्रोश
टोंक। हैदराबाग के बाद राजस्थान के टोंक जिले में सनसनीखेज घटना हुई है, जिसने सभी को हिला कर रखा दिया है। यहां 6 साल की मासूम छात्रा से रेप के बाद उसके ही स्कूल बेल्ट से गला घोंटकर निर्दयतापूर्वक हत्या कर दी गई। छात्रा का शव रविवार को बबूल की घनी झाझियों में खून में लथपथ पड़ा मिला। छात्रा का शव मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया, वहीं पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

क्या है मामला
न्यूज़ 18 हिंदी की खबर के मुताबिक, घटना टोंक जिले के अलीगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक समेत अन्य आला अधिकारी मौके पर पहुंचे गए है। जानकारी के अनुसार, 6 वर्षीय बालिका अपने गांव के निजी स्कूल में पढ़ती थी। शनिवार को स्कूल में कार्यक्रम होने के कारण वह स्कूल में ही थी। दोपहर करीब 3 बजे तक काफी संख्या में ग्रामीण भी वहां थे। उसके बाद मासूम घर नहीं पहुंची। इस पर परिजनों ने उसे आसपास तलाश किया। कुंए बावड़ी सब जगह ढूंढा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया।

झाड़ियों में मिला शव
रविवार को सुबह ग्रामीणों को खड़ली गांव के मंदिर के पीछे स्थित बबूल की झाड़ियों में मासूम का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। इसकी सूचना पर इलाके में सनसनी फैल गई और वहां काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। हत्यारों ने मासूम की हत्या उसके ही स्कूल बेल्ट से गला घोंटकर की है। बालिका का गला भी इस कदर घोंटा गया कि उसकी आंखें बाहर आ गई। बेल्ट उसके गले में ही लिपटा मिला है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

आला अधिकारी पहुंचे मौके पर
सूचना पर स्थानीय थाना पुलिस के साथ ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विपिन शर्मा भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को वहां से उठवाकर टोंक जिला मुख्यालय के सआदत राजकीय अस्पताल पहुंचाया। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है। बाद में पुलिस अधीक्षक आदर्श सिद्धु भी मौके पर पहुंचे। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है, लेकिन उनका अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। वारदात के बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश है।












Click it and Unblock the Notifications