सवाई माधोपुर : आइसोलेशन वार्ड से भागे 50 संदिध मरीज, अस्पताल प्रशासन में मचा हड़कंप
सवाई माधोपुर। राजस्थान में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। 26 जिलों के 2059 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 32 लोगों को जान गंवानी पड़ी है। फिर भी कई लोग कोरोना संकट को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।

गंगापुरसिटी के अस्पताल से भागे संदिग्ध
ऐसा एक मामला सवाई माधोपुर के गंगापुरसिटी कस्बे में सामने आया है। यहां पर सरकारी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड से 50 संदिग्ध लोग भाग गए। बताया जा रहा है कि अस्पताल में उनके लिए आइसोलेशन की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण वे अस्पताल प्रशासन से नाराज हो गए और अस्पताल छोड़ कर चले गए। वहीं, दूसरी ओर नर्सिंग स्टाफ ने चिकित्सा सामग्री नहीं होने का भी आरोप लगाया है।

रातभर उनसे सम्पर्क में जुटा प्रशासन
शुक्रवार रात आठ बजे संदिग्ध मरीजों के भाग जाने के बाद चिकित्सा विभाग के हाथ पैर फूल गए। रातभर प्रशासन उन संदिग्ध मरीजों से सम्पर्क में जुटा रहा। शनिवार को एक बस में बैठाकर उन लोगों को फिर से अस्पताल लाया गया और उनके सैम्पल लिए गए।

लापरवाह कर्मचारियों को नोटिस
गंगापुरसिटी के अस्पताल के पीएमओ दिनेश गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार रात को पुलिस की टीम के साथ शहर में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर के दौरे पर थे। तब अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड से पचास संदिग्ध मरीजों के भाग जाने की सूचना मिली। जिसके बारे में रात को ही प्रशासन को अवगत करवा दिया।

सुबह फिर से बुलाया अस्पताल
अस्पताल से भागने वाले संदिग्ध मरीजों से सम्पर्क कर उन्हें शनिवार सुबह सैम्पल के लिए बुलाया है। जहां तक आइसोलेशन वार्ड में सुविधाओं का सवाल है तो भोजन की व्यवस्था की प्रशासन की ओर से की जा रही है। यह बात सही है कि नाश्ता नहीं दे पाए थे जबकि दोनों भोजन उपलब्ध करवाया है। बता दें कि गंगापुरसिटी में कोरोना के चार पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। उन मरीजों की कॉन्टेक्ट हिस्ट्री के आधार पर ही इन पचास संदिग्ध मरीजों को अस्पताल में क्वारंटाइन किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications