छत्तीसगढ़ः पिछले 24 घंटे में सामने आए 13874 मामले, 11 हजार से ज्यादा लोग हुए ठीक
रायपुर, 20 अप्रैलः छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के बीच अब कुछ राहत दिखने लगी है। बीते सोमवार को 48 हजार 673 लोगों के टेस्ट हुए। इस एक दिन में 13834 नए मरीज सामने आए। सोमवार को संक्रमण दर 28.42% रही। एक सप्ताह बाद यह लगातार दूसरा दिन है जब संक्रमण दर 30% से कम रही है। रविवार को भी संक्रमण की दर 28% ही रही थी। वहीं बीते सोमवार को 11 हजार 815 मरीज ठीक भी हुए।

बता दें कि पिछले एक सप्ताह में प्रदेश के 63 हजार मरीजों ने कोरोना को मात दी है। इनमें से 90 फीसदी मरीज होम आइसोलेशन में ही ठीक हो गए। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पिछले एक सप्ताह में प्रदेश के 63087 मरीज कोरोना को मात देकर स्वस्थ हो चुके हैं।
ठीक होने वालों में केवल 10 प्रतिशत लोग ही अस्पताल गये थे। 90 प्रतिशत लोग होम आइसोलेशन में ही ठीक हो गए। प्रदेश में कोरोना संक्रमण की शुरूआत के बाद से अब तक पॉजिटिव पाए गए 5,44,840 मरीजों में से 4,10,913 लोग ठीक हो चुके हैं। इनमें से 1,12,595 संक्रमितों का कोविड अस्पतालों और कोविड केयर सेंटरों में इलाज किया गया है। वहीं 2,98,318 मरीजों ने होम आइसोलेशन में उपचार कराकर कोरोना को मात दी है।
कोरोना वायरस की दूसरी लहर को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की है। सीएम भूपेश बघेल ने कहा है कि कोरोना वायरस की दूसरी लहर को लेकर केंद्र की मोदी सरकार द्वारा सलाह और गाइडलाइन भी नहीं दी गई।
उन्होंने कहा कि पूरे साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना पर बातें की हैं लेकिन किया कुछ नहीं। उन्होंने आरोप लगाया है कि कोरोना की सेकेंड वेव को लेकर राज्यों को पहले से ही सलाह क्यों नहीं दी गई और राज्यों को इस बारे में क्यों नहीं बताया गया। सीएम भूपेश बघेल ने रेमेडिसविर इंजेक्शन और ऑक्सीजन की कमी को लेकर भी केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।












Click it and Unblock the Notifications