शादीशुदा बहन को फोन कर परेशान करता था युवक, भाई ने उतारा मौत के घाट
रायबरेली। यूपी के रायबरेली में बीती 10 जुलाई को हुए डबल मर्डर का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में दो युवकों को हत्या में इस्तेमाल हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, युवक ने अपनी बहन का घर बचाने के लिए साथी के साथ मिलकर हत्या की घटना को अंजाम दिया था।

गला रेतकर की गई थी हत्या
एसपी सुनील कुमार ने बताया कि भदोखर क्षेत्र में दरियापुर इलाहाबाद-लखनऊ मार्ग पर निर्माणाधीन ढाबे की देखरेख के लिए अंकित और चचेरा भाई सौरभ शुक्ला सो रहे थे। तभी धारदार हथियार से उनकी गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने 5 लोगों को नामजद करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कर तीन लोगों की गिरफ्तारी भी कर ली, लेकिन पुलिस ने जब गहनता से जांच की तो मामले में नया मोड़ आ गया।
जांच में हुआ खुलासा
जांच में पता चला कि युवक लगातार एक शादीशुदा महिला को परेशान करता था। यही नहीं उसके पति को फोन पर धमकी देने लगा था। परेशान होकर महिला के भाई अतुल ने अपने दोस्त विकास के साथ मिलकर युवक को रास्ते से हटाने का षड्यंत्र रचा और देर रात ढाबे पर सो रहे युवक अंकित की हत्या कर दी, पास में सो रहे चचेरे भाई सौरभ के जागने और चिल्लाने पर उसकी भी हत्या कर दी। पुलिस ने स्वाट टीम के सहारे इस दोहरे हत्याकांड की गुत्थी 48 घंटे में सुलझाते हुए अभियुक्त अतुल कुमार विश्वकर्मा व विकास यादव उर्फ बिहारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।












Click it and Unblock the Notifications