रायबरेली: कांग्रेस MLA अदिति सिंह के पिता अखिलेश सिंह का निधन, कैंसर से थे पीड़ित
रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली सदर से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह के पिता व पूर्व विधायक अखिलेश सिंह का निधन हो गया है। लंबे समय से कैंसर से पीड़ित अखिलेश सिंह ने मंगलवार सुबह लखनऊ के पीजीआई में आखिरी सांस ली। उनके निधन की सूचना पर शहर में शोक की लहर छा गई है। बता दें कि उनका पार्थिव शरीर रायबरेली स्थित पैतृक गांव लालूपुर लाया जाएगा।

पूर्व विधायक अखिलेश सिंह का काफी दिनों से इलाज चल रहा था। बताया जाता है कि शनिवार को वे सिंगापुर से इलाज कराकर रायबरेली लौटे थे। रविवार को उनकी तबीयत बिगड़ी तो परिवार के लोग उन्हें पीजीआई लेकर आए थे। यहां मंगलवार की भोर करीब 4:00 बजे उन्होंने अतिंम सांस ली। इस सूचना पर शहर में शोक छा गया। बताया जा रहा है कि उनके पैतृक गांव लालू को में उनका पार्थिव शरीर जनता के दर्शन के लिए रखा जाएगा। उसके बाद वहीं, अंतिम संस्कार किया जाएगा। अखिलेश सिंह कांग्रेस में एक समय बड़े नेताओं में शुमार थे। गांधी परिवार से बीच में उनके रिश्ते खराब हुए थे।
रायबरेली सदर से पांच बार रहे विधायक
दबंग छवि वाले पूर्व विधायक अखिलेश सिंह ने 90 के दशक में अपने राजनीतिक कैरियर की शुरुआत की और विधायक बने। कांग्रेस पार्टी से विवाद के चलते पार्टी छोड़ी फिर निर्दलीय विधायक बने। 2011 में पीस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बने और 2012 में पार्टी के विधायक बने। अपनी मर्जी के मालिक विधायक अखिलेश सिंह ने 2014 में पीस पार्टी से विद्रोह कर पार्टी तोड़ दी और विधायक बने रहे। 2016 से विधायक ने कांग्रेस पार्टी में अपने संबंधों का उपयोग करते हुए अपनी बेटी अदिति सिंह को कांग्रेस में शामिल करवाया और 2017 के चुनावों में बेटी को सबसे ज्यादा वोटों से जितवा कर रिकॉर्ड कायम किया। रायबरेली भले ही कांग्रेस का गढ़ मानी जाती रही है लेकिन जब विधायक अखिलेश सिंह ने पार्टी छोड़ी तो रायबरेली सदर विधानसभा सीट से उनके अलावा कोई दूसरी पार्टी का नेता जीत नहीं सका। उनके निधन से जिले में शोक की लहर है।












Click it and Unblock the Notifications