रायबरेली: हिंदू युवा वाहिनी के जिला संयोजक ने प्रियंका के खिलाफ की नारेबाजी, कांग्रेसियों ने पीटा
Raebareli news, रायबरेली। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ नारे लगाने के बाद हिंदू युवा वाहिनी और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में तीखी तड़प के बाद मारपीट शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने युवा वाहिनी के जिला संयोजक आशीष पाठक को पीट दिया। हिंदु युवा वाहिनी की तरफ से थाने में तहरीर दी गई है।

कांग्रेसियों के सामने प्रियंका के खिलाफ नारेबाजी
दरअसल, उत्तर प्रदेश में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी यूपी का दौरा प्रारंभ करने के लिए लखनऊ से प्रयागराज सड़क के रास्ते देर शाम गुजरने वाली थी। तभी इसकी सूचना जिले के हिंदू युवा वाहिनी के कुछ कार्यकर्ताओं को हुई और वे लोग सिविल लाइन चौराहे पर एकत्र हो गए। यहां स्वागत के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद थे। देखते-देखते हिंदु युवा वाहिनी के लोगों ने प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

'प्रियंका वापस जाओ' के लगाए नारे
युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने 'प्रियंका वापस जाओ' के नारे लगाए। इसी को लेकर कांग्रेसी भडक गए और दोनों पक्षों में तीखी झड़प हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने युवा वाहिनी के जिला संयोजक आशीष पाठक को पीट दिया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई और मामला शांत कराया। करीब 30 मिनट तक चले इस हंगामे के बाद प्रियंका गांधी प्रयागराज के लिए गुजरीं।












Click it and Unblock the Notifications