Raebareli: तालाब में नहाने पहुंचे 5 बच्चों की डूबकर मौत, चश्मदीद ने बताया कैसे हुआ ये खौफनाक हादसा
उत्तर प्रदेश के रायबरेली से एक बेहद ही दुखद घटना सामने आई है। यहां तालाब में नहाते समय गहरे पानी में जाने से चार मासूम बच्चियों समेत 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि बारिश के पानी में नहाते-नहाते बच्चे तालाब की ओर चले गए और डूब गए। गाँव में एक साथ 5 बच्चों की मौत से कोहराम मच गया है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चश्मदीद ने बताया कैसे हुआ हादसा
बता दें कि यह पूरा मामला रायबरेली के गदागंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंगता डेरा मजरे बांसी रियासत गाँव का है। इस हादसे के चश्मदीद एक बच्चे ने बताया कि "सभी लोग बारिश में पहले घर के बाहर खेल रहे थे। अचानक एक-एक करके तालाब में नहाने के लिए उतर गए। थोड़ी देर तो सभी किनारे में नहाते रहे, लेकिन कुछ देर बाद दो बच्चे आगे बढ़ गए। वहां पर तालाब ज्यादा गहरा था। वो डूबने लगे तो उनके पीछे 3 बच्चे भी चले गए। एक-एक करके पांचों बच्चे डूब गए।"

4 बच्चियों और एक बच्चे की मौत
वहीं जब इस चश्मदीद बालक ने दौड़कर आस-पास के लोगों को बुलाया और जब तक बच्चों को निकाला गया, तब तक सभी बच्चों की मौत हो चुकी थी। इस हादसे में रीतू उम्र 8 वर्ष, सोनम उम्र 10 वर्ष, वैशाली उम्र 12 वर्ष, रूपाली उम्र 9 वर्ष और अमित उम्र 8 वर्ष की दर्दनाक मौत हो गई। गांव में एक साथ पांच मौतों से कोहराम मच गया है। वहीं सूचना पर मौके पर पहुंचे जिला प्रशासन व पुलिस विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। साथ ही राजस्व कर्मियों द्वारा मृतक के परिजनों को मुआवजा देने का ऐलान किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications