सिद्धू मूसेवाला: पंजाब पुलिस ने कहा- कनाडाई गैंगस्टर गोल्डी बरार के लिए जारी हो रेड कॉर्नर नोटिस
मानसा। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में पुलिस अब तक कई बदमाशों को गिरफ्तार कर चुकी है। आज पुलिस ने गैंगस्टर गोल्डी बरार के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की मांग की है। पुलिस की ओर से कहा गया है कि, कनाडा में रहने वाला गोल्डी बरार सिद्धू मूसेवाला की हत्या की वारदात को अंजाम दिलाने वाला मुख्य चेहरा है। उसने मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी ली है। वह (जेल में बंद गैंगस्टर) लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह का सक्रिय सदस्य है।

बरार ने ली मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी
बता दें कि, 29 मई को सिद्धू मूसेवाला की हत्या होने के बाद उक्त गैंगस्टर ने अपने फेसबुक पर एक पोस्ट लिखकर कहा कि, सिद्धू का कत्ल उन्होंने ही कराया है। वहीं, फेसबुक पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई ने लिखा- 'राम राम भाई सबको...आज जो सिद्धू मूसेवाला का कत्ल हुआ है, उसकी जिम्मेदारी मैं और मेरा भाई गोल्डी बरार लेता है। पोस्ट में यह भी लिखा गया, "आज लोग हमें जो भी कहें लेकिन इसने हमारे भाई विक्की मिड्डूखेड़ा की हत्या में मदद की थी। आज हमने अपने भाई का बदला ले लिया है।"

इस तरह मूसेवाला की हत्या की वारदात को उन्होंने अपने भाई की हत्या का बदला बताया। बता दें कि, गोल्डी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गैंग का सदस्य माना जाता है। वहीं, पुलिस ने यह माना है कि, सिद्धू मूसेवाला पंजाब के टॉप मोस्ट गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके गैंग के निशाने पर था। बताया जा रहा है कि, बिश्नोई गैंग के विरोधी कैंप को सिद्धू मूसेवाला सपोर्ट कर रहे थे। जिसे लेकर वे लॉरेंस के निशाने पर थे।












Click it and Unblock the Notifications