पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल कोरोना पॉजिटिव, लुधियाना के अस्पताल में भर्ती
नई दिल्ली, 19 जनवरी: देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या पिछले महीने की तुलना काफी ज्यादा बढ़ गई है। जिस वजह से आम लोगों के साथ अब खास लोग भी बड़ी संख्या में इसकी चपेट में आ रहे हैं। गुरुवार को शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक और पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल की भी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिसके बाद उन्हें लुधियाना के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पंजाब में इन दिनों चुनावी सरगर्मियां काफी तेज हैं, जिस वजह से प्रकाश सिंह बादल के बेटे सुखबीर सिंह काफी व्यस्त थे। पिता की तबीयत खराब होने की वजह से उन्होंने सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए। साथ ही खुद पिता को लेकर अस्पताल पहुंचे। वहां पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनके पिता फिलहाल ठीक हैं। उनको हल्का बुखार था, इस वजह से एहतियात के तौर पर उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
खांसी और जुखाम की शिकायत
मामले में एक डॉक्टर ने बताया कि प्रकाश सिंह बादल को दो-तीन दिनों से खांसी और जुखाम था। जिस वजह से उन्हें दयानंद मेडिकल कॉलेज, लुधियाना रूटीन चेकअप के लिए लाया गया। वहां पर ही उनका रैपिड टेस्ट किया गया, जो पॉजिटिव आया। अब RTPCR के लिए उनका सैंपल भेजा गया है। जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है। इसके अलावा उनके अन्य टेस्ट भी किए जा रहे हैं।
रोजाना कर रहे थे जनसंपर्क
आपको बता दें कि प्रकाश सिंह बादल 5 बार पंजाब के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उनकी उम्र अभी 93 साल है, फिर भी वो इस बार चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि अभी वो पूरी तरह से सक्रिय हैं। चुनाव के ऐलान के बाद से ही वो गांव-गांव जाकर लोगों से मुलाकात कर रहे थे। हालांकि अब उनके बीमार होने से पार्टी कार्यकर्ता थोड़े परेशान हैं।












Click it and Unblock the Notifications