SGPC चुनाव: 'बागी' बीबी जागीर कौर को शिरोमणि अकाली दल ने किया निलंबित
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की पूर्व अध्यक्ष बीबी जागीर कौर ( Bibi Jagir Kaur) की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बुधवार को शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने उनको पार्टी से निलंबित कर दिया। इसके अलावा पार्टी विरोधी गतिविधियों को रोकने के लिए उन्हें दो दिन का अल्टीमेटम दिया है, इसके बाद उनके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अध्यक्ष और कार्यकारी सदस्यों का चुनाव 9 नवंबर को होने वाला है। बीबी जागीर इस बार भी अध्यक्ष चुनाव लड़ना चाहती हैं, लेकिन पार्टी ने उन पर भरोसा नहीं जताया। ऐसे में वो पार्टी के खिलाफ जाकर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही थीं। इस वजह से उनके खिलाफ ये कार्रवाई की गई। वो तीन बार SGPC की अध्यक्ष रह चुकी हैं।
पार्टी नेताओं के मुताबिक जगमीत सिंह बराड़ के जवाब से भी अनुशासनात्मक कमेटी संतुष्ट नहीं हुई, लेकिन अभी उन पर फैसला नहीं हुआ है। अगली बैठक में उनको लेकर फिर से चर्चा की जाएगी। अगर पार्टी उनके जवाब से दोबारा संतुष्ट नहीं हुई तो बराड़ के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पार्टी ने साफ कर दिया है कि अगर बीबी जागीर ने चुनाव लड़ने का फैसला वापस नहीं लिया, तो उनके ऊपर अगली कार्रवाई की जाएगी।
81 सदस्यों की जरूरत
आपको बता दें कि SGPC में कुल सदस्यों की संख्या 144 है, जबकि इसमें 15 कोआप्ट सदस्य होते हैं। ऐसे में अध्यक्ष का चुनाव जीतने के लिए 81 सदस्यों का वोट चाहिए। इस चुनाव को लेकर शिरोमणि अकाली दल ने साफ कर दिया है कि पार्टी सर्वसम्मति से अध्यक्ष के नाम पर फैसला लेगी, लेकिन बीबी जागीर चुनाव लड़ने की मांग पर अड़ी हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications