पंजाब पुलिस अब ड्रोन से कर रही है अमृतपाल की तलाश, जानें क्यों लगाई यह तरकीब?
पंजाब पुलिस ने वारिस पंजाब दे के सरगना अमृतपाल को पकड़ने के लिए होशियारपुर के एक गांव में ड्रोन तैनात कर दिए हैं। यह वही इलाका है, जहां इस खालिस्तानी समर्थक को आखिरी बार देखे जाने की रिपोर्ट है।

खालिस्तान समर्थक कट्टरपंथी अमृतपाल सिंह को अब पंजाब पुलिस कोई भी नया हथकंडा अपनाने का मौका नहीं देना चाहती। इसलिए उस इलाके की ड्रोन से निगरानी शुरू कर दी गई है, जहां से आखिरी बार उसके गायब हो जाने का संदेह है। इससे पहले अमृतपाल सुरक्षा एजेंसियों को बार-बार चकमा दे चुका है। उसके हुलिया बदलकर दिल्ली में भटकने की रिपोर्ट भी आ चुकी है। लेकिन, लगता है कि अमृतपाल के खिलाफ फाइनल ऐक्शन की तैयारी हो चुकी है और अब उसके लिए ज्यादा देर तक बचे रहने की गुंजाइश नहीं रह गई है।

अब बचकर कहां भागेगा कट्टरपंथी अमृतपाल?
खालिस्तान समर्थक कट्टरपंथी संगठन 'वारिस पंजाब दे' के सरगना अमृतपाल सिंह का अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। गुरुवार को उसकी तलाशी के लिए पंजाब पुलिस ने होशियारपुर जिले के एक गांव में ड्रोन तैनात कर दिया है। न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक यह वही गांव है, जहां दो दिनों पहले पीछा किए जाने पर कुछ संदिग्ध अपनी कार छोड़कर भाग गए थे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मारनैयां गांव के आसपास ड्रोन तैनात किए जाने के साथ ही अमृतपाल को पकड़ने के लिए पुलिस की भी तैनात की गई है और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से इसके बारे में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है। गांव के आसपास अर्द्धसैनिक बलों की भी तैनाती की गई है।

Recommended Video
बार-बार चकमा देकर गायब हो रहा है अमृतपाल
इससे पहले पंजाब पुलिस को जानकारी मिली थी कि वह खालिस्तान समर्थक कट्टरपंथी और उसके गुर्गे आसपास के इलाके में छिपे हो सकते हैं। तब पुलिस ने होशियारपुर के गांव में सघन छापेमारी अभियान भी चलाया था। सूत्रों का कहना है कि मंगलवार रात को होशियारपुर में पुलिस एक कार का पीछा कर रही थी, जिसके बारे में आशंका थी कि उसमें अमृतपाल और उसके साथी हो सकते है। लेकिन, उन लोगों ने गांव में कार छोड़ दी और गायब हो गए। जानकारी ऐसी भी है कि सारे संदिग्ध दूसरी कार लेकर वहां से भाग गए। पुलिस ने उन्हें ढूंढ़ने के लिए घरों की भी तलाशी शुरू की, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।

बार-बार हुलिया बदले जाने की है रिपोर्ट
पंजाब पुलिस ने अमृतपाल सिंह और उसके खालिस्तान समर्थक कट्टीरपंथी संगठन 'वारिस पंजाब दे' के सदस्यों के खिलाफ 18 मार्च से सघन अभियान शुरू किया था। तब से अमृतपाल पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है। इस घटना से करीब तीन हफ्ते पहले अमृतपाल और उसके समर्थकों ने गिरफ्तार किए गए एक शख्स को छुड़ाने के लिए अमृतसर के पास अजनाला थाने में बहुत ज्यादा उत्पात मचाया था। जब पंजाब पुलिस ने अमृतपाल और उसके गुर्गों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू की तो वह 18 मार्च को जालंधर से भाग निकला। पुलिस को चकमा देने के लिए उसने कई गाड़ियां बदलीं और उसके हुलिया बदले जाने की भी कई रिपोर्ट आ चुकी हैं।

नेपाल तक भागने की आ चुकी है रिपोर्ट
पंजाब पुलिस ने अमृतपाल और उसके सहयोगियों के खिलाफ कई गंभीर आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर रखा है। इसमें समाज के विभिन्न वर्गों में वैमनस्यता फैलाने, हत्या की कोशिश, पुलिसकर्मियों पर हमला और सरकारी सेवकों के काम में बाधा डालने जैसे आरोप शामिल हैं। इससे पहले अमृतपाल के हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड से लेकर नेपाल तक जाने की खबरें आ चुकी हैं। लेकिन, अचानक जानकारी सामने आई कि वह पंजाब लौट चुका है।
ड्रोन को कैसे चकमा देगा बहुरूपिया अमृतपाल?
अमृतपाल के पंजाब में दोबारा घुसने के बाद से पुलिस ने पहले ही अमृतसर और बठिंडा के आसपास सुरक्षा बहुत ही सख्त कर रखी है। उसके बारे में यह भी सूचना आ चुकी है कि वह पवित्र स्वर्ण मंदिर या फिर तख्त श्री दमदमा साहिब में सरेंडर करने की योजना बना रहा है। अमृतपाल इतनी बार चकमा दे चुका है कि अब पुलिस उसे कोई मौका नहीं देना चाहती। इसलिए उसपर ड्रोन से नजर रखी जा रही है, ताकि इस बहुरूपिया को अब कानून के शिकंजे में कसा जा सके।












Click it and Unblock the Notifications