पंजाबः गाड़ी में हीटर चालू रहने के कारण आग का गोला बनी स्कॉर्पियो, जिंदा जल गया युवक
नूरपुरबेदी। बीते रविवार की रात को पंजाब के नूरपुरबेदी इलाके में दर्दनाक हादसा हो गया, जहां चलती स्कॉर्पियो में आग लगने से उसमें सवार युवक की मौत हो गई। घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीदों के मुताबिक गाड़ी के दरवाजे सेंट्रल लॉक होने के चलते खुल नहीं पाए और युवक गाड़ी से बाहर निकल ही नहीं पाया, जिस कारण वह गाड़ी के अंदर ही जिंदा जल गया।

मृतक की पहचान नरेश कुमार के रूप में हुई है। मृतक नरेश अपने गांव से दूसरे दोस्तों के साथ कुछ किलोमीटर दूर ही नलहोटी गांव में बारात के साथ शादी में शरीक होने गया था। रात करीब 11 बजे जब वह स्कॉर्पियो में घर वापस लौट रहा था कि घर पहुंचने से दो किलोमीटर पहले गाड़ी में अचानक आग लग गई। आसपास के लोग जलती गाड़ी देख कर नजदीक गए तब तक गाड़ी आग का गोला बन चुकी थी।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार गाड़ी के हीटर में कोई तकनीकी दिक्कत थी जिसके कारण गाड़ी में आग लग गई। गाड़ी अंदर से लॉक होने के चलते चालक को बचने का मौका भी नहीं मिल सका। हालांकि घटना के असली कारणों का अभी पता लगाया जा रहा है।
यह भी पढ़ेंः पत्नी ने दरवाजा खोलने में की देरी तो पंजाब पुलिस के ' सिंघम ' डीएसपी ने मार दी गोली












Click it and Unblock the Notifications