Punjab News: पंजाब के इस शहर को घोषित किया गया नो फ्लाई जोन, ड्रोन और सिविल उड़ानों पर भी क्यों लगा बैन?
Punjab News: पंजाब के जालंधर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दौरे को लेकर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रपति 16 जनवरी को जालंधर पहुंचेंगी और इस दौरान कई बड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने 14 से 16 जनवरी तक पूरे जिले को 'नो फ्लाइंग जोन' घोषित कर दिया है। इस दौरान ड्रोन, सिविल एयरक्राफ्ट और किसी भी प्रकार के रिमोट कंट्रोल एयरक्राफ्ट उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट अमनइंदर कौर की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के मुताबिक, सुरक्षा कारणों से यह फैसला लिया गया है। आदेश के मुताबिक, प्रतिबंध केवल आम नागरिकों और सिविल उड़ानों पर लागू होगा। राष्ट्रपति और दूसरे वीवीआईपी मेहमानों के आधिकारिक हेलीकॉप्टर और विमान इससे मुक्त रहेंगे।

Punjab News: ड्रोन उड़ाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
- प्रशासन ने साफ किया है कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को ड्रोन गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की सुरक्षा चूक न हो।
- राष्ट्रपति या किसी ऐसी महत्वपूर्ण हस्ती की सुरक्षा और शहर के हालात को देखते हुए यह आदेश जिलाधिकारी या सरकार की ओर से दिया जा सकता है।
Jalandhar News: अमृतसर में 15 जनवरी को राष्ट्रपति का कार्यक्रम
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 15 जनवरी को अमृतसर पहुंचेंगी। गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वह सड़क मार्ग से गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (GNDU) जाएंगी। इस विश्वविद्यालय के गोल्डन जुबली कन्वोकेशन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। इस कार्यक्रम के लिए पीसीएस रैंक के अधिकारियों समेत करीब 30 अधिकारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।
जालंधर में NIT के कन्वोकेशन में होंगी शामिल
अमृतसर कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति ताज स्वर्णा होटल में रात्रि विश्राम करेंगी। 16 जनवरी की सुबह वह जालंधर रवाना होंगी, जहां डॉ. बी.आर. अंबेडकर नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) के 21वें दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी। जिला प्रशासन ने राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण की व्यापक तैयारियां की हैं।












Click it and Unblock the Notifications