Punjab Flood: बाढ़ में पंजाब का सहारा बने AAP नेता, संकट की घड़ी में उठाया बड़ा कदम, अब केजरीवाल ने की ये अपील
आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में बाढ़ से हो रही तबाही पर चिंता जताई है। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि इस मुश्किल घड़ी में पंजाब के लोगों की हर संभव मदद करें। पूर्व सीएम ने बताया कि बाढ़ प्रभावित राज्य की मदद के लिए AAP के सभी सांसद और विधायक अपनी एक-एक महीने की सैलरी पंजाब मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा कर रहे हैं।
केजरीवाल ने कहा कि 'पंजाब ने हर संकट में देश की रक्षा की है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि, 'भारत मां का कवच पंजाब आज बाढ़ की त्रासदी झेल रहा है। भारत पर जब भी विदेशी हमले हुए, पंजाब ने अपने सीने पर लेकर देश की रक्षा की।'

पूर्व सीएम ने आगे कहा कि, 'आजादी की लड़ाई में सबसे ज़्यादा शहादत पंजाब के लोगों ने दी। हरित क्रांति से पूरे देश का पेट पंजाब ने भरा। और आज वही पंजाब मुसीबत में है।' उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और सरकारों से अपील की कि राजनीति से ऊपर उठकर पंजाब की मदद करें।'
पंजाब में AAP का राहत अभियान
आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर जानकारी दी कि, AAP सरकार के सभी मंत्री, सांसद, विधायक और कार्यकर्ता जमीन पर राहत कार्यों में जुटे हैं। हर संकट को हराने वाला पंजाब इस त्रासदी से भी जीतेगा और फिर से खड़ा होगा। लोगों से अपील की गई है कि वह पंजाब सीएम रिलीफ फंड में खुलकर योगदान दें।
जरनैल सिंह का बयान
AAP विधायक जरनैल सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि, 'पंजाब इस समय बाढ़ की चपेट में है और पूरी AAP सरकार, कार्यकर्ता व NGOs पीड़ितों की मदद कर रहे हैं। पंजाब हमेशा दूसरों के मुश्किल वक्त में खड़ा हुआ है, अब वक्त है कि इंसानियत में विश्वास रखने वाले लोग पंजाब के साथ खड़े हों। AAP के देशभर के सभी दफ्तरों में राहत कार्यों के लिए कैंपेन चलाया जाएगा।
पंजाब की जमीनी हकीकत
फिलहाल पंजाब के कई जिलों में बाढ़ का गंभीर असर देखने को मिल रहा है। सतलुज, ब्यास और रावी नदियों का पानी उफान पर है और इससे खेतों व गांवों के बड़े हिस्से जलमग्न हो गए हैं।
पंजाब में शैक्षणिक संस्थान बंद
पंजाब में लगातार बारिश और बाढ़ के हालात को देखते हुए शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने मंगलवार को घोषणा की कि राज्य के सभी कॉलेज, यूनिवर्सिटी और पॉलिटेक्निक संस्थान 3 सितंबर तक बंद रहेंगे। इससे पहले सुबह सरकार ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों की छुट्टियां भी 3 सितंबर तक बढ़ा दी थीं।
एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए बैंस ने कहा कि, लगातार बारिश के कारण सभी कॉलेज, यूनिवर्सिटी और पॉलिटेक्निक संस्थान 3 सितंबर तक बंद रहेंगे। हॉस्टल में रहने वाले छात्रों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संबंधित संस्थानों की होगी। सभी से अपील है कि स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करें।'
10 जिलों में बाढ़ का असर, 400 से ज्यादा लोग रेस्क्यू
फिलहाल पंजाब के कम से कम 10 जिले-गुरदासपुर, पठानकोट, अमृतसर, होशियारपुर, फिरोजपुर, फाजिल्का, कपूरथला और तरन तारन- बाढ़ से प्रभावित हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 1 से 3 सितंबर के बीच राज्य में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राज्य में स्कूल 27 अगस्त से ही बंद हैं। गुरदासपुर के दबूरी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में पानी भर गया था, जिसके बाद 400 से ज्यादा लोग, जिनमें छात्र और स्टाफ शामिल थे, को 27 अगस्त को रेस्क्यू किया गया।
कैसे करें बाढ़ पीड़ितों की मदद
पंजाब में हाल ही में आई बाढ़ ने हजारों परिवारों को संकट में डाल दिया है। ऐसे समय में जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाने के लिए पंजाब सरकार ने 'पंजाब मुख्यमंत्री बाढ़ राहत कोष' बनाया है। आम नागरिक यहां आर्थिक सहयोग देकर बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद कर सकते हैं। योगदान सीधे बैंक खाते में किया जा सकता है-
- खाता नाम: पंजाब मुख्यमंत्री राहत कोष
- खाता संख्या: 001934001000589
- खाता प्रकार: बचत (Saving)
- IFSC कोड: TPSC0000019
- शाखा कोड: 0019
- शाखा नाम: पंजाब राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड
- शाखा कार्यालय: पंजाब सिविल सचिवालय, सेक्टर-1, चंडीगढ़












Click it and Unblock the Notifications