पंजाब में अक्षय कुमार की 'सूर्यवंशी' का विरोध, कई थियेटर में फिल्म की स्क्रीनिंग रोकी गई
चंडीगढ़, 06 नवंबर: एक्टर अक्षय कुमार और कटरीना कैफ की फिल्म 'सूर्यवंशी' 5 नवंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। रिलीज के बाद से पंजाब के किसान संगठन द्वारा विरोध शुरू हो गया है। अक्षय कुमार को पंजाब में किसानों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। पंजाब में कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों ने अक्षय कुमार की फिल्म 'सूर्यवंशी' का सिनेमाघरों में स्क्रीनिंग नहीं दी है।

पंजाब में इस फिल्म का विरोध किया जा रहा है। कुछ जगहों पर आंदोलनकारी किसानों ने फिल्म के शो को बीच में रोक दिया है। कृषि कानूनों को वापस लिए जाने की मांग करने वाले किसानों को लगता है कि अक्षय कुमार बीजेपी और मोदी सरकार के सपोर्टर हैं। इसीलिए किसानों ने अक्षय की फिल्म का विरोध करने का फैसला किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार पंजाब के बुडलाढा में दो सिनेमाघरों में शो नहीं चलाने का फैसला किया है।
होशियारपुर में किसानों ने आज सिनेमाघरों में लगे फिल्म 'सूर्यवंशी' के पोस्टर फाड़ दिए। इतना ही नहीं, भारती किसान यूनियन (कादियां) के जिला अध्यक्ष स्वरण धुग्गा की अगुवाई में संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और फिल्म दिखाए जाने के खिलाफ स्थानीय शहीद उधम सिंह पार्क से स्वर्ण सिनेमा तक विरोध मार्च निकाला। पंजाब के किसान एकता मोर्चा ने अपने फेसबुक पेज पर भी इस फिल्म का बॉयकॉट करने की मांग की है।
किसान एकता मोर्चा ने पोस्ट में लिखा गया है, 'वे आए, उन्होंने हमें लूटा और फिर हमको भूल गए। हम पंजाब के सिनेमाघरों में सूर्यवंशी के प्रदर्शन का सख्त विरोध करते हैं। हम उन्हें खुद को और ज्यादा नहीं लूटने देंगे। पटियाला इलाके के सिनेमाघरों में भी 'सूर्यवंशी' की शो बंद किए जाने का विचार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि किसान जल्द ही प्रदर्शन करके लोगों से फिल्म को सिनेमाघरों नहीं देखने की अपील करेंगे।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे अक्षय कुमार की फिल्मों को तब तक नहीं दिखाने देंगे जब तक कि कृषि कानून निरस्त नहीं कर दिए जाते। इसके पहले रिलीज हुई फिल्म बेल बॉटम के रिलीज के समय भी अक्षय की इस फिल्म को विरोध झेलना पड़ा था। वहीं पिछले साल बॉबी देओल की फिल्म की शूटिंग को भी रोक दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications