नवजोत सिंह सिद्धू को मिली चेतावनी, फतेहगढ़ साहिब में मर्यादा उल्लंघन का आरोप
गुरुद्वारा साहिब के अंदर एक क्लीन शेव व्यक्ति की ओर से अपनी जेब से सिरोपा निकालकर भेंट करना न सिर्फ़ सिरोपा का अपमान है बल्कि परंपराओं का भी उल्लंघन है।
चंडीगढ़, अगस्त 2, 2021।एक बार फिर पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू विवादों में घिरते हुए नज़र आ रहे हैं। फतेहगढ़ साहिब में गुरुघर की मर्यादा के उल्लंघन का उन पर आरोप लगा है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की अध्यक्ष बीबी जगीर कौर ने उन पर ये आरोप लगाए हैं। बीबी जगीर कौर ने कहा कि गुरुद्वारा फतेहगढ़ साहिब में माथा टेकने के दौरान नवजोत सिंह सिद्धू ने गुरुघर की मर्यादाओं का उल्लंघन किया है।

बीबी जगीर कौर ने नवजोत सिंह सिद्धू और उनके समर्थकों को चेतावनी भी दी है कि भविष्य में अगर इन लोगों ने गुरुघर की मर्यादा का का ख़्याल नहीं रखा तो इनके ख़िलाफ़ सख़्त से सख़्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी सूरत में गुरुद्वारों पर सिख मर्यादा का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बीबी जगीर कौर ने नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए कहा कि सिद्धू की इस हरकत से सिखों के मन को गहरी ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि संगठन और कई जिम्मेदार और वरिष्ठ लोगों ने उन्हें सूचना देने के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज और वीडियो भी भेजे हैं। वीडियो में यह साफ़ तौर पर देखने को मिल रहा है मुख्य दरबार में सिद्धू के एक क्लीन शेव समर्थक ने अपनी जेब से सिरोपा निकाल कर सिद्धू को भेंट किया। यह सिख परंपराओं और मर्यादाऔं के ख़िलाफ़ है।
बीबी जगीर कौर ने कहा कि सिद्धू को सिरोपा तोहफ़े में लेना था वह से बाहर आकर इसे भेंट करवा सकते थे। गुरुद्वारा साहिब के अंदर एक क्लीन शेव व्यक्ति की ओर से अपनी जेब से सिरोपा निकालकर भेंट करना न सिर्फ़ सिरोपा का अपमान है बल्कि परंपराओं का भी उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू फतेहगढ़ साहिब में शहीदों की धरती पर गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने गए थे, उनकी वजह से वहां पर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बहुत ही कड़ी कर दी कि थी, जिस वजह से संगत को रोक कर रखा गया और वहां माथा टेकने नहीं दिया गया। साधारण श्रद्धालु की तरह ही सिद्धू को माथा टेकने के लिए गुरुघर में आना चाहिए था। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर भविष्य में सिद्धू या उसके किसी समर्थन ने किसी भी गुरुघर में मर्यादा का उल्लंघन किया तो सहन नहीं किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications