'इंकलाबी लोगों को खराब मौसम भी नहीं रोक सका', बरनाला में गरजे सीएम भगवंत मान
Punjab By Election: पंजाब विधानसभा उपचुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान लगातार रैलियां कर रहे हैं। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी चुनाव प्रचार कर रहे हैं। आज इसी कड़ी में सीएम मान ने बरनाला में आप उम्मीदवार हरिंदर सिंह धालीवाल के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने लोगों से पार्टी के पक्ष में वोट करने की अपील की।
उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट साझा कर लिखा- आज विधानसभा हलका बरनाला के गांव संघेड़ा में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हरिंदर सिंह धालीवाल के समर्थन में रखी जनसभा में भाग लिया। खराब मौसम के बावजूद भारी संख्या में स्वेच्छा से आए लोगों का जोश और जुनून देखकर बहुत खुशी हुई। बरनाले वालो, आओ इकट्ठे होकर आने वाली 20 नवम्बर को आम आदमी पार्टी के पक्ष में वोट डालकर एक नया इतिहास रचें। प्यार और सम्मान देने के लिए सभी का दिल से धन्यवाद। इंकलाब जिंदाबाद।

आगे उन्होंने कहा कि इतिहास रचने वाले इंकलाबी लोगों को खराब मौसम भी नहीं रोक सका। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों के इस इकट्ठ ने यह साबित कर दिया कि वे हरिंदर सिंह धालीवाल को भारी वोटों से जिताकर विधान सभा में भेजेंगे।
बता दें कि आप ने बरनाला से पार्टी कार्यकर्ता 35 वर्षीय हरिंदर सिंह धालीवाल को उतारा है। हरिंदर सिंह धालीवाल संगरूर से आप सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर के क्लासमेट व सबसे करीबी मित्र हैं। लोकसभा चुनाव में जब गुरमीत सिंह मीत हेयर ने संगरूर से चुनाव लड़ा था तो हरिंदर सिंह धालीवाल उनके कवरिंग उम्मीदवार बने थे। मीत हेयर के दो बार विधायक बनने व एक बार संसद पहुंचाने में धालीवाल का बड़ा योगदान माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications