पंजाब चुनाव: क्या मालविका के लिए प्रचार करेंगे भाई सोनू सूद? एक्टर ने दिया जवाब
मुंबई, 13 जनवरी: अगले महीने होने वाले देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर है। ऐसे में पंजाब में भी चुनाव प्रचार तेज हो गया है। हाल ही में अभिनेता सोनू सूद की बहन मालविका सूद भी कांग्रेस में शामिल हो गई हैं, जिसके बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि मालविका सूद पंजाब के मोगा विधानसभा से अपना पहला चुनाव लड़ सकती हैं। वहीं दूसरी तरफ इलेक्शन की तैयारी कर रहीं मालविका को लेकर भाई सोनू सूद ने बड़ा फैसला किया है।

सोनू सूद ने किया बड़ा फैसला
बहन मालविका के कांग्रेस में शामिल होते ही सोनू सूद ने बड़ा फैसला किया है, जिसके बाद अब उन अटकलों पर विराम लग जाएगा कि क्या एक्टर इलेक्शन कैंपेनिंग का हिस्सा होंगे या नहीं। दरअसल, इस तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म था कि बहन मालविका के राजनीति में आने के बाद क्या भाई सोनू सूद उनका चुनावी प्रचार करेंगे या नहीं, जिस पर अब अभिनेता ने साफ कर दिया है कि उनका फैसला क्या है?

बहन की राजनीति में एंट्री पर सोनू सूद का बयान
पिछले दो सालों से सोनू सूद ने कोरोना महामारी से प्रभावित लोगों की मदद करने के लिए बहुत काम किया है, जो अभी भी जारी है। लोगों की मदद करके सोनू सूद फिल्मी विलेन से रियल हीरो बन चुके हैं। इन सब के बीच जहां एक्टर राजनीति से दूर रहे हैं, वहीं उनकी बहन मालविका सूद हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुई हैं और आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ेंगी। हाल ही में सोनू सूद ने इन सब मुद्दों पर टाइम्स ऑफ इंडिया से बात की, जहां उन्होंने अपनी बहन की राजनीति में एंट्री से लेकर अपने अपकमिंग प्रोजक्ट पर खुलकर बात की।

क्या सोनू अपनी बहन का चुनाव प्रचार करेंगे?
इंटरव्यू में सोनू सूद ने कहा कि मुझे गर्व है कि उसने (मालविका) यह कदम उठाया। वह पिछले कुछ सालों से वहां रह रहीं है और लोगों से जुड़े अहम मुद्दों को जानती-समझती है। मुझे खुशी है कि वह लोगों के संपर्क में रहने और सीधे उनकी मदद करने में सक्षम होगी। वहीं जब उनसे पूछा गया क्या वह अपनी बहन का चुनाव प्रचार करेंगे?

सोनू सूद ने दिया यह जवाब
इस सवाल पर एक्टर ने जवाब देते हुए कहा कि यह उनकी जर्नी है, और मेरा राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। मैं जो काम करता आया हूं उसे करता रहूंगा। मैं चुनाव में उनके लिए प्रचार नहीं करूंगा, क्योंकि मैं चाहता हूं कि वह कड़ी मेहनत करें और अपना काम करें। जहां तक मेरा सवाल है, मैं हमेशा राजनीति या किसी भी राजनीतिक जुड़ाव से दूर रहूंगा।












Click it and Unblock the Notifications