पंजाब में कांग्रेस के अवैध खनन के आरोपों पर आप का तीखा पलटवार
पंजाब में अवैध खनन के आरोपों पर आम आदमी पार्टी की ओर से तीखी प्रतिक्रिया दी गई है। आम आदमी पार्टी की ओर से कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैरा के आरोपों का जवाब देते हुए कहा गया है कि पहले तो आप अपने तथ्यों को सही करने की हिम्मत दिखाईए, इसके बाद कुछ बोलिए। फर्जी खबरें फैलाने, झूठे दावे करने का आपका पुराना रिकॉर्ड है। रेत माफियाओं को कांग्रेस सरकार ने पाला पोसा था, इन लोगों ने पंजाब को लूटा। लेकिन आपने जो तथ्य सामने रखे हैं वो कांग्रेस का ही पर्दाफाश करते हैं।
आम आदमी पार्टी की भ्रष्टाचार के प्रति नीति बिल्कुल जीरो टॉलरेंस की है। मुख्यमंत्री भगवंत मान भ्रष्टाचार के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करते हैं। अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। पिछले छह हफ्तों में पंजाब पुलिस ने 79 एफआईआर दर्ज की है 43 लोगों को नियमों का उल्लंघन करने के चलते गिरफ्तार किया गया है।

साथ ही अवैध खनन में अधिकारियों की कथित मिलीभगत की एक सतर्कता जांच का भी आदेश दिया गया है। टिपर, जेसीबी, पोकलेन, ट्रैक्टर/ट्रॉली और उत्खनन मशीनों सहित 113 वाहनों को जब्त कर लिया गया है। इनपर 28 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उत्खनन का एक परमिट रद्द कर दिया गया है और कानूनी खनन के लिए 11 पर्यावरणीय मंजूरी प्राप्त कर ली गई है।
पहले आप कुछ होमवर्क करने का साहस करें और फिर कोई दावा करें। पब्लिसिटी पाने के लिए आपके घटिया हथकंडों से पंजाबी पहले से ही परिचित हैं। आप, आपका ज्ञान और आपकी विश्वसनीयता विधिवत उजागर हो गई है। भगवंत मान सरकार राज्य से भ्रष्टाचार मिटाने के लिए प्रतिबद्ध है, 'रंगला पंजाब' बनाने के लिए 24 घंटे काम कर रही है और पंजाब का हर 'आम आदमी' इसका प्रमाण है।












Click it and Unblock the Notifications