कभी भगवंत मान के साथ की थी एक्टिंग, अब आप के लोकसभा उम्मीदवार
आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए आम आदमी पार्टी की ओर से 8 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया गया है। इस लिस्ट में प्रदेश सरकार में कई मंत्रियों के साथ कांग्रेस से हाल ही में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए गुरप्रीत सिंह को भी पार्टी ने लोकसभा का टिकट दिया है।
आम आदमी पार्टी की लिस्ट में जाने-माने फिल्मी सितारे को भी जगह मिली है। पार्टी ने पंजाबी सिनेमा में लोकप्रिय चेहरे करमजीत अनमोल को टिकट दिया है। करमजीत अनमोल को पार्टी ने फरीदकोट से टिकट दिया है। करमजीत अनमोल की यह पहली राजनीतिक पारी है। अभिनय के बाद अब वह राजनीति की पारी में अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं।

ऐसे में यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि अनमोल राजनीति में क्या उसी तरह की सफलता हासिल कर पाते हैं जैसी उन्होंने फिल्म जगत में हासिल की है। अहम बात यह है कि राजनीति में आने से पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी एक कलाकार थे। भगवंत मान अपनी जबरदस्त कॉमेडी के लिए जाने जाते थे। उनका किरदार जुगनू काफी लोकप्रिय हुआ था, लोगों ने इस किरदार को काफी पसंद किया था।
करमजीत अनमोल का जन्म 2 जनवरी 1972 को संगरूर जिले में हुआ था। उन्हें हास्य अभिनेता के तौर पर जाना जाता है। फिल्म और टेलीविजन दोनों में वह अभिनय के साथ गायकी भी करते है। उन्होंने पंजाबी फिल्मों और हिंदी फिल्मों में भी काम किया है। वेस्ट इज वेस्ट, कैरी ऑन जट्टा, जट्ट एंड जूलियट, डिस्को सिंह, जट जेम्स बॉन्ड, देव डी जैसी फिल्मों में काम किया है।
करमजीत अनमोल का मुख्यमंत्री भगवंत मान से करीबी रिश्ता है। दोनों ने एक दौर पर में साथ काम किया है। इनका शो जुगनू हाजर है काफी लोकप्रिय था, जिसमे ये साथ नजर आते थे। एक तरफ जहां भगवंत मान ने राजनीति में कदम रखा तो दूसरी तरफ करमजीत ने पंजाबी सिनेमा में अपना बड़ा मुकाम स्थापित कर लिया। करमजीत एक बेहतरीन एक्टर, गायक के साथ सामाजिक कार्यकर्ता भी हैं। वह समय-समय पर लोगों की मदद भी करते रहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications