पंजाब: कभी शायरी, कभी भंगड़ा तो कभी बग़ैर सिक्योरिटी... CM बनते ही दिखे चरणजीत सिंह चन्नी के नए अंदाज़
सीएम पद की शपथ लेने के बाद से ही चरणजीत सिंह चन्नी एक्टिव मोड में आ गए हैं। काम के बीच-बीच में नवनियुक्त सीएम का अनोखा अंदाज़ भी लोगों को ख़ूब भा रहा है।
चंडीगढ़, सिंतबर 24, 2021। पंजाब कांग्रेस में हुए सियासी घमासान के बाद कांग्रेस आलाकमान ने चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब के मुख्यमंत्री की कमान सौंपी। सीएम पद की शपथ लेने के बाद से ही चरणजीत सिंह चन्नी एक्टिव मोड में आ गए हैं। काम के बीच-बीच में नवनियुक्त सीएम का अनोखा अंदाज़ भी लोगों को ख़ूब भा रहा है। कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सुरक्षा घेरे को तोड़कर छात्रों से मिले तो कहीं शायर राहत इंदौरी का शेर गुनगुनाते हुए नज़र आए थे, तो वहीं गुरुवार को वह युवकों के साथ भांगड़ा करते भी दिखाई दिए।

CM चन्नी ने किया भंगड़ा
पंजाब के नवनियुक्त मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सीएम की शपथ लेने के बाद पहली बार कपूरथला स्थित पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे। सीएम चरणजीत सिंह चन्नी बेशक मंच पर अपने साथी राजनेताओं के साथ बैठ कर बातें कर रहे थे, लेकिन उनके मन में भंगड़े की थाप के साथ थिरकने का मन हो रहा था। भंगड़ा टीम के सदस्यों ने चन्नी से भंगड़े का आग्रह किया। टीम को दो बार सीएम की सिक्योरिटी ने लौटा दिया, लेकिन उनकी ओर से तीसरी बार किए गए आग्रह को सीएम ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद सीएम तत्काल टीम के सदस्यों के साथ स्टेज पर पहुंचे और जमकर भंगड़ा डाला।

CM चन्नी ने की छात्रों से मुलाक़ात
सीएम चरणजीत सिंह चन्नी की इससे पहले भी उनके अनोखे अंदाज़ की खूब सराहाना हुई थी। डेरा सचखंड बल्लां में उनका नतमस्तक होने का कार्यक्रम था। चन्नी के हेलीकाप्टर की लैंडिंग ने अलावलपुर डीएवी यूनिवर्सिटी में की गई थी। वहां से सीएम चन्नी सीधे डेरा सचखंड बल्लां गए और कार्यक्रम में शामिल हुए। कांर्यक्रम से वह लौटे तो वहां खड़े छात्रों ने हाथ हिलाकर उनका अभिभादन किया। यह देख सीएम अपना सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए छात्रों के बीच पहुंच गए और उनसे मुलाकात की। मुख्यमंत्री चन्नी ने अपनी सुरक्षा टीम को हैलिपैड पर रोक दिया और एक-एक करके छात्र-छात्राओं से हाथ मिलाया। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि उन्हें अपनी सुरक्षा की नहीं बल्कि युवा वर्ग के भविष्य की चिंता है। इस दौरान य़ुवाओं ने उनके लिए नारे भी लगाए और उनके ऊपर फूल बरसाए। चरणजीत सिंह चन्नी के इस अंदाज की लोगों ने ख़ूब सराहना की।

चाय की चुस्की और कचौरी का ज़ायका
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने इससे पहले सुबह पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के साथ अमृतसर पहुंच श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेका था। अपने दौरे के दौरान उन्होंने टी स्टाल पर चाय की चुस्की और कचौरी का ज़ायका लिया। वहीं उन्होंने शायरी भी सुनाई।
चलते फिरते हुए मेहताब दिखाएंगे तुम्हें, हमसे मिलना कभी यह पंजाब दिखाएंगे तुम्हें। चांद हर छत पर है, सूर्य है हर आंगन में नींद से जागो, नए ख्वाब दिखाएंगे तुम्हें
अमृतसर के भंडारी पुल के नीचे टी स्टाल पर यह महफ़िल जमी थी। इस दौरान एक ओर बैठे पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी दूसरी ओर डिप्टी सीएम ओपी सोनी, सुखजिंदर सिंह रंधावा और उनके साथ पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू मौजूद थे। इस शायरी के ज़रिए मुख्यमंत्री ने पंजाब के लोगों को एक नया पंजाब दिखाने का संदेश दिया। इसमें भी हर धर्म और वर्ग के लोगों को सम्मान दिए जाने का संदेश रहा। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सुखबिंदर सिंह सरकारिया और पंजाब सरकार के सीनियर आईएएस अधिकारी हुसन लाल मौजूद थे। जबकि सहायक कमिश्नर सुशील कुमार सिद्धू भीड़ को नियंत्रण करने में जुटे थे।

सुखबीर बादल पर CM का तंज़
पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी में छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि इन दिनों सुरक्षा कवर एक स्टेटस सिंबल बन गया है। मैं सुखबीर बादल नहीं हूं जो दिखावे में विश्वास करूं। बादल की आलोचना करते हुए चन्नी ने कहा कि लोग बादल के साथ चलने को तैयार नहीं हैं, इसलिए उनके पास कई वाहन हैं। चन्नी ने कहा कि सीएम बनने के बाद जब उन्होंने देखा कि उनकी और वाहन के काफ़िले के लिए एक हज़ार पुलिसकर्मी तैनात किए गए तो वह खुद को 'कैद' में महसूस कर रहे थे। जब मैं सीएम बना तो मैं खुद को कोस रहा था। मेरी सुरक्षा में एक हज़ार जवानों को तैनात किया गया था। मुझे दो सौ वाहन दिए गए थे। कुछ वाहन एक कमरे की तरह बड़े थे। वहीं उन्होंने शिरोमणि अकाली दल पर तंज कसते हुए कहा कि बड़ी कारों को बादलों ने ख़रीदा था। मैं अभी-अभी एक वाहन में सवार हुआ जो एक कमरे जितना बड़ा है। इसकी कीमत लगभग दो करोड़ रुपए है। बादल को यह पैसा गरीब लोगों पर खर्च करना चाहिए था। चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि मुख्य सचिव राहुल तिवारी कहते हैं कि मुझे कुछ भी हो सकता है इसलिए ज़्यादा सुरक्षाकर्मी लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि बस सुरक्षा हटा दिया जाए भीड़ को संभालने के लिए केवल पांच से 10 लोग ही काफी हैं।
ये भी पढ़ें: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धू को माली के बाद डॉ. गर्ग ने दिया झटका, पद से इस्तीफ़ा देने की बताई ये वजह












Click it and Unblock the Notifications