'दिल्ली के दरबारी पंजाब चला रहे हैं, सीएम अपने आप एक फैसला नहीं ले सकते', PM मोदी का AAP पर बड़ा हमला
PM Modi Gurdaspur Rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि पंजाब की सरकार को दिल्ली में बैठे आम आदमी पार्टी (आप) के बड़े नेताओं ने कंट्रोल कर रखा है। साथ ही पीएम मोदी ने दावा करते हुए कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री अपने दम पर एक भी फैसला नहीं नहीं कर सकते हैं।
पीएम मोदी ने यह आरोप गुरदासपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए लगाया, साथ ही कहा कि दिल्ली के 'दरबारी' पंजाब पर शासन कर रहे हैं। इसके अलावा अपनी जालंधर में भी पीएम मोदी जमकर हमलावर नजर आएं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरदासपुर में कहा कि, "INDI गठबंधन वाले देश की सुरक्षा के लिए बहुत बड़ा खतरा हैं, ये फिर से कश्मीर में 370 लागू करने की बात कर रहे हैं। इन्हें फिर से कश्मीर में आतंकवाद चाहिए, ये फिर से पाकिस्तान को दोस्ती के पैगाम भेजेंगे, उन्हें गुलाब भेजेंगे और पाकिस्तान बम धमाके करता रहेगा, आतंकी हमले होते रहेंगे और कांग्रेस कहेगी कि कुछ भी हो बातचीत तो करनी होगी।"
पंजाब की मान सरकार को घेरते हुए पीएम मोदी ने कहा, "कांग्रेस जब पंजाब में सत्ता में थी तो वह रिमोट से सरकार चलाना चाहती थी, दुर्भाग्य से आज भी पंजाब को रिमोट से चलाने की कोशिश हो रही है। दिल्ली के दरबारी पंजाब चला रहे हैं, पंजाब के मुख्यमंत्री अपने आप एक फैसला नहीं ले सकते। इनके मालिक जेल गए तो पंजाब की सरकार ठप्प पड़ने लगी। 1 जून के बाद कट्टर भ्रष्टाचारी फिर जेल जाएंगे तो क्या फिर पंजाब की सरकार जेल से चलेगी?"
पीएम मोदी ने आगे कहा कि INDI गठबंधन घोर साम्प्रदायिक, घोर जातिवादी, घोर परिवारवादी... वे (INDIA गठबंधन) आए दिन जनता को मूर्ख बनाने के लिए खेल खेल रहे हैं। ये लोग दिल्ली में दोस्ती का दिखावा करते हैं और यहां पंजाब में एक-दूसरे को गाली देते हैं। जनता भी जान गई है कि इन दोनों दुकानों का शटर एक ही है।
वहीं जालंधर में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "देश में 5 चरणों का चुनाव हो चुका है, छठे चरण का चुनाव होने वाला है, जो लोग कल तक भाजपा के खिलाफ गुब्बारा फुला रहे थे उनका गुब्बारा भी फूट चुका है। अब कांग्रेस और INDI गठबंधन को कोई वोट नहीं देना चाहता। कश्मीर से कन्याकुमारी तक यह तय हो चुका है कि 'फिर एक बार मोदी सरकार'।"
बता दें कि पंजाब में 13 सीटों के लिए मतदान एक ही चरण में होगा, सातवें और अंतिम चरण में 1 जून को गुरुदासपुर, अमृतसर, खडूर साहिब, जालंधर, होशियारपुर, नंदपुर साहिब, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, फरीदकोट, फिरोजपुर, बठिंडा, संगरूर और पटियाला में मतदान होगा।












Click it and Unblock the Notifications