पंजाब के स्पीकर और 2 मंत्रियों के खिलाफ गैर जमानती वॉरंट जारी, जानिए क्या है पूरा मामला
चंडीगढ़, अगस्त 31। पंजाब विधानसभा के स्पीकर और आम आदमी पार्टी के नेता कुलतार सिंह संधवान समेत पंजाब सरकार के दो मंत्रियों के खिलाफ अदालत ने गैर जमानती वॉरंट जारी किया है। संधवान के अलावा पंजाब सरकार के जिन दो मंत्रियों के खिलाफ वॉरंट जारी हुआ है उनमें गुरमीत सिंह मीत हेयर और लालजीत सिंह भुल्लर का नाम शामिल है। बताया जा रहा है कि यह तीनों नेता 2020 के एक मामले में अदालत के समक्ष पेश नहीं हुए, जिस वजह से इन्हें गैर जमानती वॉरंट भेज दिया गया।

आप के कई विधायकों और कार्यकर्ताओं पर हुई कार्रवाई
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब के इन तीनों विधायकों को जिस कोर्ट में पेश होना था, उसी अदालत से अब इनके खिलाफ गैर जमानती वॉरंट जारी हुआ है। इन नेताओं के अलावा आप के कुछ विधायकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी वारंट जारी हुआ है।
क्या है मामला?
यह वॉरंट अमृतसर और तरनतारन में अगस्त 2020 में एक धरना प्रदर्शन के दौरान इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुए मामले में जारी हुआ है। अगस्त 2020 में अमृतसर और तरनतारन के सीमावर्ती जिलों में जहरीली शराब की वजह से कई लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना को लेकर कुलतार सिंह संधवान की अगुवाई में आम आदमी पार्टी ने विरोध में धरना दिया था। उस वक्त कुलतार सिंह समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मंगलवार को इन सभी को कोर्ट में पेश होना था, लेकिन यह पेश नहीं हुए, जिसके बाद कोर्ट ने सख्त रूख अपनाया।
आपको बता दें कि पंजाब आम आदमी पार्टी के नेता हरपाल सिंह चीमा ने राज्य के अंदर एक्स्ट्रा नेचुरल एल्कोहॉल के अवैध व्यापार को रोकने के लिए अधिकारियों के साथ एक मीटिंग की। बता दें कि हरपाल सिंह चीमा पंजाब के आबकारी और कराधान मंत्री हैं। उन्होंने अधिकारियों को ईएनए के अवैध व्यापार को रोकने के लिए राज्यव्यापी अभियान शुरू करने को कहा है।












Click it and Unblock the Notifications