दिल्ली पहुंचे नवजोत सिद्धू, राहुल को बताया गुरु तो प्रियंका को बताया गाइड, केंद्र सरकार पर भी बोला हमला
Navjot Singh Sidhu: नवजोत सिद्धू रोड रेज की घटना के सिलसिले में 10 महीने से जेल में थे,जिसमें 34 साल पहले एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। रिहा होने के कुछ दिनों बाद वह राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मिलने आज दिल्ली पहुंचे।

रोड रेज मामले में 10 महीने बाद जेल से रिहा हुए क्रिकेटर से राजनेता बने नवजोत सिद्धू ने आज दिल्ली में कांग्रेस के राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने राहुल गांधी को अपना राजनीतिक गुरु बताया तो प्रियंका गांधी को मेंटर बताया। उन्होंने पंजाब के लोगों के लिए काम करने की प्रतिबद्धता एक बार फिर से दोहराई।
नवजोत सिद्धू ने किया ट्वीट
मुलाकात के बाद सिद्धू ने ट्वीट करते हुए लिखा कि मेरे गुरु राहुल जी और मित्र, दार्शनिक, गाइड प्रियंका जी से आज नई दिल्ली में मुलाकात हुई। आप मुझे जेल में डाल सकते हैं, मुझे धमका सकते हैं, मेरे सभी वित्तीय खातों को ब्लॉक कर सकते हैं लेकिन पंजाब और मेरे नेताओं के लिए मेरी प्रतिबद्धता न तो झुकेगी और न ही एक इंच पीछे हटेगी। मेरे नेता न तो झुकेंगे और न ही एक इंच पीछे हटेंगे।
रोड रेज मामले में सिद्धू को हुई थी सजा
सिद्धू को सुप्रीम कोर्ट ने पिछले साल मई में रोड रेज के 1988 के मामले में एक साल की कैद की सजा सुनाई थी, जिसमें उन्होंने गुरनाम सिंह नामक व्यक्ति को कथित रूप से पीटा था, जिसकी बाद में अस्पताल में मौत हो गई थी। जेल से बाहर आने के तुरंत बाद सिद्धू ने कहा कि लोकतंत्र जंजीरों में जकड़ा हुआ है और पंजाब में राष्ट्रपति शासन लाने की साजिश है।
रिहा होने के बाद सिद्धू ने राहुल को बताया था क्रांति
जेल से निकलने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) ने कहा था कि लोकतंत्र जंजीरों में है। अभी लोकतंत्र नाम की कोई चीज नहीं है। पंजाब में राष्ट्रपति शासन लाने की साजिश अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है। अगर आप पंजाब को कमजोर करने की कोशिश करते हैं, तो आप कमजोर हो जाएंगे। इस देश में जब भी कोई तानाशाही आई है तो एक क्रांति भी आई है और इस बार उस क्रांति का नाम राहुल गांधी है। वह सरकार को हिला देंगे।












Click it and Unblock the Notifications