झारखंड में कोयले की खदान में ऑपरेशन को लेकर घिरी पंजाब सरकार, राजा वड़िंग ने किया सनसनीखेज़ दावा
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कोयला खदान (झारखंड) में ऑपरेशन वाले बयान पर मान सरकार को झूठा बताया है।
चंडीगढ़, 6 मई 2022। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कोयला खदान (झारखंड) में ऑपरेशन वाले बयान पर मान सरकार को झूठा बताया है। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब के लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर कर रहे है। उनकी अज्ञानता या फिर पूरी तरह से झूठे पन को ज़ाहिर कर रहा है। अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि भगवंत मान के झूठ पहलाने की कोशिश की मैं कड़ी निंदा करता हूं। दरअसल भगवंत मान ने हाल में ही यह दावा किया था कि पछवाड़ा कोयले की खदान को पिछली सरकार ने बंद कर दिया था और उनकी सरकार जल्द इसे शुरू करेगी।

2001 में पंजाब को जारी किया गया था खदान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस बयान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी प्रतिक्रिया दी है। वड़िंग ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान ही पंजाब स्टेट पॉवर कारपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) ने सुप्रीम कोर्ट में केस जीता था। जो कि झारखंड में स्थित पछवाड़ा कोयले की खदान में ऑपरेशन शुरू करने को लेकर था। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता झूठ बोलने में पुराने और पक्के लोग हैं, जो पछवाड़ा खदान को लेकर भी झूठ बोल रहे हैं। केस को लेकर जानकारी देते हुए, उन्होंने कहा कि वास्तव में इस खदान को 2001 में पंजाब को जारी किया गया था।

पछवाड़ा कोयला खदान (झारखंड) 2014 से बंद थी
अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने बताया कि पछवाड़ा कोयला खदान (झारखंड) 2014 से बंद थी। सरकार ने इसका ऑपरेशन बंद नहीं किया था। सुप्रीम कोर्ट द्वारा भारत भर में रद्द की गई 212 अन्य खदानों की एलोकेशन में यह शामिल थी। 2015 में यह खदान एक बार फिर से राज्य को जारी हुई और इसे चलाने के लिए एक ऑपरेटर का बोली के दौरान न्यूनतम बोली देने के चलते चयन किया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग ने खुलासा किया कि खादान का पुराना बोलीदाता पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट चला गया था। जिसके बाद हाईकोर्ट ने बोलीदाता ऑपरेशन चलाने का अधिकार दे दिया। बोलीदाता के ऑपरेशन की वजह राज्य को नुकसान हुआ तो पीएसपीसीएल सुप्रीम कोर्ट गई। इसके बाद 21 सितंबर 2021 को पीएसपीसीए के हक में फैसला सुनाया गया। इससे पीएसपीसीएल को सालाना 600 करोड़ रुपये के लगभग बचत होने की बात भी कही गई थी।

राजा वड़िंग ने किया सनसनीखेज़ दावा
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि साधारण तौर पर ऑपरेशन चलाने में करीब 6 महीने का समय लगता है। यह सब हमारी सरकार ने किया था। वहीं उन्होंने भगवंत मान से सवाल करते हुए कहा कि इसमें उनका या उनकी सरकार का क्या योगदान है। वड़िंग ने इसे आप सरकार का एक अन्य झूठ करार देते हुए खुलासा किया कि हाल ही में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय कोयला मंत्री प्रहलाद जोशी के साथ कोयले की सप्लाई को लेकर मिलने का दावा किया था। लेकिन मंत्री प्रहलाद जोशी ने सीधे तौर पर इसे खारिज करते हुए कहा था कि भगवंत मान ने कभी उनसे मुलाकात ही नहीं की। उन्होंने कहा था कि झूठ बोलना आप की आदत है और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान कभी कोयले के संकट को लेकर उनसे नहीं मिले। आप सांसद राघव चड्ढा ने मीडिया को बताया था कि मान ने केंद्रीय कोयला मंत्री से मुलाकात की, जिसे उन्होंने बाद में साफ तौर पर खारिज कर दिया था।
ये भी पढ़ें: तेजिंदर बग्गा को ले जा रही पंजाब पुलिस को हरियाणा में रोका गया, दिल्ली में अपहरण का मामला दर्ज












Click it and Unblock the Notifications