अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी की गोली मारकर हत्या, पंजाब पुलिस के एएसआई सहित दो गिरफ्तार
कपूरथला। अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अरविंदरजीत सिंह पड्डा उर्फ पहलवान की गोली मार कर हत्या कर दी गई है। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। घटना में अरविंदरजीत का एक दोस्त भी घायल हुआ है। अरविंदरजीत के परिजनों ने पंजाब पुलिस के एएसआई परमजीत सिंह पर हत्या का आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस ने एएसआई परमजीत सिंह समेत दो और लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?
कबड्डी खिलाड़ी प्रदीप सिंह ने पुलिस को एफआईआर में बताया कि वो अपने साथी खिलाड़ी अरविंदरजीत सिंह, बलराज सिंह और गुरजीत सिंह के साथ अपनी एंडेवर गाड़ी में सवार होकर गांव की तरफ आ रहे थे। गांव के बस अड्डे से कुछ दूर ही पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें एक काले रंग की गाड़ी खड़ी दिखाई दी। गाड़ी पर काले शीशे चढ़े हुए थे, उन्हें शक हुआ तो उन्होंने गाड़ी का पीछा किया तो चालक ने कार भगा ली। इस पर उन्होंने उसका पीछा करके आगे जाकर गाड़ी को रोक लिया। उसके बाद वो और उसका साथी अरविंदरजीत सिंह गाड़ी से निकलकर कार का दरवाजा खटखटाने पहुंचे तो अचानक गाड़ी के अंदर से निकले पुलिसकर्मी परमजीत सिंह ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
अरविंदरजीत की मौत, एएसआई सहित दो गिरफ्तार
उन्होंने बताया कि एएसआई के साथ कार में मंगू नाम का उनके ही गांव का एक शख्स भी सवार था। फायरिंग में वो और उसका दोस्त अरविंदरजीत सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जबकि उनके बाकी साथियों ने गाड़ी के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। आरोपी वारदात को अंजाम देकर हथियार लहराते हुए फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रमीणों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। अरविंदरजीत की इस घटना में मौत हो गई। आरोपी एएसआई थाना ढिलवां में तैनात है। पुलिस ने एएसआई परमजीत सिंह समेत दो पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। थाना सुभानपुर की पुलिस ने एएसआई और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications