अमृतसर में पुलिस अधिकारी की गाड़ी के नीचे लगाया बम, सामने आई CCTV फुटेज
अमृतसर, 16 अगस्त: पंजाब के बॉर्डर से सटे इलाकों में लगातार आतंकी गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला अमृतसर का है। जहां पर एक पंजाब पुलिस के सब इंस्पेक्टर को उड़ाने के लिए उसकी कार के नीचे डेटोनेटर और आरडीएक्स फिट कर दिया। सुबह कार धोने आए युवकों ने गाड़ी के टायर के पास तार देखकर सब-इंस्पेक्टर को इसकी सूचना दी। कार में संदिग्धों द्वारा आइईडी लगाए जाने की सूचना मिलते ही पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

मामला अमृतसर का पॉश इलाका माना जाने वाला रणजीत एवेन्यू सी-ब्लॉक का है। यहां पंजाब पुलिस के सीएआई स्टाफ में तैनात सब-इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह की घर के बाहर खड़ी बुलेरो कार में नीचे दो संदिग्ध आईईडी फिट कर गए। दिलबाग सिंह की गाड़ियां धोने के लिए आने वाले युवकों ने कार के नीचे लगे बम को देख लिया। गाड़ी के पिछले पहिए के नीचे डिब्बेनुमा चीज पड़ी देखकर इसकी जानकारी दिलबाग सिंह को दी।
दिलबाग सिंह जब गाड़ी के पास पहुंचे तो वहां डेटोनेटर लगा देखकर हैरान रह गए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना विभागीय अधिकारियों को दी। टना स्थल पर बम स्क्वाड की टीम पहुंच कर विस्फोटक को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो पता चला कि एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक बोलेरो कार के पास पहुंचे और कार में आइईडी लगाकर भाग गए।
सब-इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह ने कहा कि, मेरी कार के नीचे बम रखा गया था। मेरे कार क्लीनर ने मुझे इसकी सूचना दी। सीसीटीवी फुटेज में दो आदमी मेरी कार के नीचे रात करीब दो बजे कुछ डालते दिख रहे हैं। मैंने उग्रवाद के दौरान काम किया है और इसलिए उन्होंने इसे रखा। मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दिलबाग सिंह ने कहा कि उनकी गाड़ी के नीचे लगा बम उसी तरह का है जैसा बम कुछ दिन पहले तरनतारन से मिला था। उस बम को भी आरडीएक्स के साथ तैयार किया गया था।
दिलबाग सिंह ने कहा कि दोनों संदिग्ध युवक संभवत: बम को अच्छी तरह गाड़ी के नीचे फिट नहीं कर पाए और वह जमीन पर गिर गया। उनकी किस्मत अच्छी थी वरना गाड़ी चलाते समय बम फट सकता था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि, कुछ दिन पहले भी मुझे एक सिख कट्टरपंथी संगठन की तरफ से धमकियां दी गई थीं। इस धमकी के बाद मंगलवार सुबह उनकी गाड़ी के नीचे से बम मिला।
आईजी बॉर्डर रेंज मनीष चावला ने कहा कि, पीएस रंजीत एवेन्यू में सूचना मिली थी कि किसी ने सब इंस्पेक्टर की कार में आईईडी रखा है। पुलिस ने आईईडी बरामद कर आईईडी की फॉरेंसिक जांच की जा रही है। आगे की जांच जारी है।












Click it and Unblock the Notifications