हरचरण सिंह बैंस ने कहा- सत्ता में वापसी कर रही शिरोमणि अकाली दल, जनता दे रही अच्छा रिस्पॉन्स
जनता ने हम लोगों को ये सब परेशानियां बताईं औऱ सवाल किया कि अगर आपको वापस सत्ता में लाते हैं तो हमारे लिए क्या करेंगे। जनता को हम लोगों ने अपना एजेंडा बताया और उनसे कहा कि हम लोग यहां आपसे यही जानने के लिए आए हैं।
चंडीगढ़, अगस्त 25, 2021। पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र राजनीतिक पार्टिंयों ने चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए शिरोमणि अकाली दल (SAD) के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने भी चुनावी दौरे पर हैं। इस दौरान सुखबीर सिंह बादल पंजाब के 100 विधानसभा का दौरा करेंगे। सुखबीर सिंह बादल के प्रधान मीडिया सलाहकार हरचरण सिंह बैंस ने वन इंडिया हिन्दी से बात करते हुए कहा कि शिरोमणी अकाली दल के अध्यक्ष विधानसभा के दौरे पर हैं उन्हें काफ़ी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।

35 हज़ार लोगों से रोज़ाना मुलाक़ात
हरचरण सिंह बैंस ने कहा कि गल पंजाब दी मुहिम के तहत हमलोग विधानसभा के दौरे कर रहे हैं। शिरोमणि अकाली दल ही एक ऐसी पार्टी है जो जन संपर्क कर रही है। हम लोग कोई रैली का आयोजन नहीं कर रहे हैं लेकिन काफ़ी लोगों से मुलाक़ात कर रहे हैं। छोटे-छोटे दलों के जरिए हम लोग रोज़ाना 20 से 30 मीटिंग कर रहे हैं क़रीब 35 हज़ार लोगों से मुलाक़ात हो रही है, काफ़ी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों के लिए दोपहर का वक़्त निर्धारित किया गया कि रोज़ाना वो लोग मिल कर अपनी परेशानी बता रहे हैं।
जनता से किए सभी वादे पूरे हुए
हरचरण सिंह बैंस ने कहा कि जनता के बीच विपक्ष का तो दूर तक कोई सुध लेने वाला नहीं हैं। इन दिनों तो ख़ुद ही कांग्रेस पार्टी अंतर्कलह से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि लोगों में कांग्रेस को लेकर काफ़ी नाराज़गी है और जनता बदलाव चाहती है। हरचरण सिंह बैंस ने कहा कि 100 हल्के का दौरा करना है जिसमें अभी पांच हल्के का दौरा हुआ है। कभी-कभी एक दिन बीच कर के भी दौरा करते हैं। उन्होंने कहा कि जन संपर्क के दौरान लोगों से हम लोगों का यही सवाल होता है कि पिछले चुनाव से पहले जो हमने वादे किए थे जिसकी वजह से हम सरकार बना पाए थे। उन वादों में से कौन से वादे हैं जो हमारी पार्टी ने पूरा नहीं किया । जनता का यही जवाब होता है कि सारे वादे पूरे किए गए।
पार्टी का नहीं जनता का मैनिफ़ेस्टो
हरचरण सिंह बैंस ने कहा कि जन संपर्क के दौरान जब जनता से पूछते हैं कि अभी आप लोगों को किन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तो कोई बिजली की समस्या तो, कोई नाले की समस्या, तो कहीं पानी की समस्या, तो कही सड़क की समस्या बताते हैं। जनता ने हम लोगों को ये सब परेशानियां बताईं औऱ सवाल किया कि अगर आपको वापस सत्ता में लाते हैं तो हमारे लिए क्या करेंगे। जनता को हम लोगों ने अपना एजेंडा बताया और उनसे कहा कि हम लोग यहां आपसे यही जानने के लिए आए हैं कि और क्या बेहतर आपके लिए कर सकते हैं ये सुझाव दें। आप लोग जो सुझाव देंगे उसके तर्ज़ पर शिरोमणि अकाली दल का फ़ाइनल मैनिफेस्टो तैयार किया जाएगा। ये पार्टी का नहीं जनता का मैनिफ़ेस्टो होगा।
जनता से मिल रहा अच्छा रिस्पॉन्स
हर जगह अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है कहीं ख़राब रिस्पॉन्स भी मिला है इस सवाल के जवाब में हरचरण सिंह बैंस ने कहा कि कहीं ख़राब रिस्पॉन्स मिल सकता है लेकिन अभी तक जहां भी दौरे हुए हैं वहां से अच्छा रिस्पॉन्स ही मिला है। उन्होंने कहा कि अच्छा रिस्पॉन्स मिलने की एक वजह यह भी है कि सत्ता धारी पार्टी से कई मामलों पर जनता में नाराज़गी है और सत्ता पक्ष की तरफ़ से कोई भी जनता की मुश्किलों पर सवाल करने नहीं गया। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल ही एक ऐसी पार्टी है जो जन संपर्क कर रही है जनता के हाल पूछ रही है उनसे बेहतर सेवा के सुझाव मांग रही है इसलिए जनता से उन्हें अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications