पूर्व सेना प्रमुख जोगिंदर जसवंत सिंह बीजेपी में शामिल, 2017 में लड़ा था कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ चुनाव
चंडीगढ़, जनवरी 18। पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी लगातार अपनी जमीन को मजबूत करने की तैयारियों में लगी है। शायद इसी वजह से बीजेपी ने पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी के साथ गठबंधन किया और अब राज्य के चर्चित और बड़े चेहरों को पार्टी में शामिल कराया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को पूर्व सेना प्रमुख जनरल जोगिंदर जसवंत सिंह (जेजे सिंह) ने बीजेपी का दामन थाम लिया।

कैप्टन के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं जेजे सिंह
जोगिंदर जसवंत सिंह ने चंडीगढ़ में पार्टी मुख्यालय पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली। आपको बता दें कि पूर्व सेना प्रमुख जेजे सिंह पंजाब की राजनीति का काफी चर्चित चेहरा हैं। दरअसल, 2017 में उन्होंने सबसे पहले शिरोमणी अकाली दल ज्वॉइन की थी। अकाली दल ने उन्हें कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ पटियाला से चुनाव लड़वाया था, लेकिन वो हार गए थे और 2018 में उन्होंने अकाली छोड़ने का ऐलान कर दिया।
2019 का लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं जेजे सिंह
इसके बाद 2019 में उन्होंने शिरोमणी अकाली दल (टकसाली) ज्वॉइन की थी और खडूर साहिब से लोकसभा का चुनाव लड़ा था। इसके अलावा जेजे सिंह अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में भी काम कर चुके हैं। यूपीए सरकार में 27 जनवरी 2008 को उन्हें अरुणाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। 2005 में जेजे सिंह को सेना प्रमुख नियुक्त किया गया था। वो देश के पहले सिख सेना प्रमुख थे।












Click it and Unblock the Notifications