'500 करोड़ जो देता है वो CM बनता है', इस बयान के बाद नवजोत कौर सिद्धू के खिलाफ कांग्रेस ने लिया सख्त एक्शन
Congress suspended Navjot Kaur Sidhu: पूर्व क्रिकेटर और पंजाब इकाई के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने बड़ा एक्शन लिया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई उनके एक विवादास्पद बयान के बाद की गई है, जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए थे।
दरअसल, नवजोत कौर सिद्धू ने शनिवार को राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की थी। यह मुलाकात राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था समेत कई अन्य मुद्दों पर केंद्रित थी। इस मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने अपनी बात रखी थी, जो सियासी तूफान का कारण बनी।

उन्होंने पत्रकारों से कहा था, "हम हमेशा पंजाब और पंजाबियत की बात करते हैं... लेकिन हमारे पास मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठने के लिए 500 करोड़ रुपए देने को नहीं हैं।" जब उनसे पैसों की मांग किए जाने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट किया, "किसी ने नहीं मांगे हैं लेकिन जो 500 करोड़ रुपए का 'सूटकेस' देता है, वही मुख्यमंत्री बन जाता है।"

नवजोत कौर के इस बयान के बाद सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) समेत कई विपक्षी दलों ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दावा किया कि इस बयान से कांग्रेस की कार्यप्रणाली का 'घिनौना सच' सामने आ गया है।
नवजोत कौर ने घिरते ही दी थी ये सफाई
हालांकि, नवजोत कौर सिद्धू ने इस बयान पर बुरी तरह घिरने के बाद रविवार शाम को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर सफाई भी पेश की। उन्होंने लिखा, "मैं हैरान हूं कि मेरे सीधे बयान को किस तरह तोड़-मरोड़कर पेश किया गया।" उन्होंने आगे कहा कि उनका मतलब था, कांग्रेस पार्टी ने उनसे कभी कुछ नहीं मांगा।
नवजोत कौर ने अपनी सफाई में और क्या कहा?
अपनी पोस्ट में नवजोत कौर ने बताया, "जब मुझसे पूछा गया कि नवजोत किसी दूसरी पार्टी से मुख्यमंत्री पद का चेहरा बन सकते हैं या नहीं, तो मैंने कहा कि हमारे पास मुख्यमंत्री पद के वास्ते किसी को देने के लिए कोई पैसा नहीं है।" हालांकि, ये सफाई नवजोत कौर के कोई काम नहीं आई और एक दिन बाद 8 नवंबर को कांग्रेस पार्टी ने कौर को पार्टी से निष्काषित कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications