CM चन्नी ने कहा पंजाब को देश की सोने की चिडिय़ा के तौर पर विकसित किया जायेगा, जानिए कैसे ?
पंजाब में कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव में जीत दिलाने के लिए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी जनता से किए वादे पूरा करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
चंडीगढ़, 6 नवम्बर 2021। पंजाब में कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव में जीत दिलाने के लिए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी जनता से किए वादे पूरा करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। इस बाबत सीएम चन्नी लगातार घोषणाएं कर रहे हैं और उसे अमलीजामा भी पहना रहे हैं। उनका कहना है पंजाब में आम लोगों की सरकार है जो राज्य में खुशहाली लाने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि पंजाब को देश की सोने की चिडिय़ा के तौर पर विकसित किया जायेगा। पंजाब के सर्वपक्षीय विकास और लोगों के जीवन को ख़ुशहाल बनाने के लिए पुरज़ोर मेहनत की जा रही है। पंजाब तरक्की की राह पर आ गया है और बड़े फ़ैसले लेने के साथ पंजाब का सर्वपक्षीय विकास किया जा रहा है।

'जनता से किए वादे पूरा करना प्राथमिकता'
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि पहले दिन से ही पारदर्शिता, जनता से किए वादे पूरा करना और कुशल प्रशासन मुहैया करवाना उनकी ज़िम्मेदारी थी। इस बाबत ही देश में सबसे सस्ती बिजली,बकाया बिजली बिल माफी, बसेरा योजना के तहत गरीबों को प्लाट देने जैसे कल्याणकारी फ़ैसले लागू किये गए हैं। इसके साथ ही आने वाले दिनों में लोगों के कल्याण के लिए और भी कदम उठाए जाएंगे। गौरतलब है कि कपुरथला में मुख्यमंत्री की तरफ से विश्वकर्मा मंदिर के लिए 2 करोड़ रुपए की ग्रांट का भी ऐलान किया गया। इसके अलावा उन्होंने मंदिर कमेटी की तरफ से चलाए जा रहे चैरिटेबल अस्पताल के लिए एक अत्याधुनिक एंबुलेंस देने का भी ऐलान किया।

CM ने रखा पुल के नींव का पत्थर
रोपड़ में आज (शनिवार) को 115 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बेला-पन्याली पुल का नींव पत्थर रखने के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पहुंचे। उनके साथ कैबिनेट मंत्री मनप्रीत बादल और विजय इंदर सिंगला भी मौजूद रहे। सीएम चन्नी ने कहा कि इतनी खुशी उन्हें मुख्यमंत्री बनकर भी नहीं हुई जितनी खुशी आज इस पुल का नींव पत्थर रख कर हुई है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही बेअदबी और ड्रग्स मामले का भी हल निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि बेअदबी मामले संबंधी गुरमीत राम रहीम से पूछताछ करने के लिए एसआईटी जेल में जाएगी जबकि 18 नवंबर को ड्रग्स रिपोर्ट भी खुलेगी। इसके बाद नशा तस्करों के नाम सामने आएंगे। किसी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।

सरहिंद नहर पर पुल बनाने का काम शुरू
मुख्यमंत्री चन्नी ने बताया कि एक या डेढ़ साल में यह पुल पूरा हो जाएगा। 35 करोड़ की लागत के साथ मोरिंडा से श्री चमकौर साहिब और बेला सड़क को चौड़ा करने और सरहिंद नहर पर पुल बनाने का काम भी शुरू हो रहा है। पटियाला के गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब से लेकर फतेहगढ़ साहिब, श्री चमकौर साहिब और अमृतसर साहिब को जोड़ने वाले इस मार्ग को चौड़ा करने का काम शुरू हो रहा है। इस मार्ग का नाम माता गुजरी जी के नाम पर रखा जा रहा है। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि पुल बन जाने के साथ ही रोपड़, फतेहगढ़ साहिब और नवांशहर जैसे जिलों में तरक्की के नए अवसर पैदा होंगे। जीटी रोड पर होने की वजह से इन जगहों में उद्योग भी बढ़ेंगे। वहीं सीएम चन्नी ने बताया कि 14 नवंबर को रोपड़ में थीम पार्क का उद्घाटन भी किया जाएगा ।
ये भी पढ़ें: पंजाब: सुखबीर बादल लगातार साध रहे कांग्रेस पर निशाना, 1984 दंगे को लेकर खेला इमोशनल कार्ड












Click it and Unblock the Notifications