पंजाब: सुखबीर बादल लगातार साध रहे कांग्रेस पर निशाना, 1984 दंगे को लेकर खेला इमोशनल कार्ड
पंजाब विधानसभा चुनाव के दिन नज़दीक आते शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल चुनावी मोड में एक्टिव हो चुके हैं।
चंडीगढ़, 6 नवम्बर, 2021। पंजाब विधानसभा चुनाव के दिन नज़दीक आते शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल चुनावी मोड में एक्टिव हो चुके हैं। वह लगातार जनसंपर्क करते हुए कांग्रेस पर हमलावर हैं। इसी कड़ी में उन्होंने 1984 के दंगों को लेकर इमोशनल कार्ड खेलते हुए कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया है। सुखबीर सिंह बादल ने कहा है कि पूरे सिख समुदाय को 1984 नवंबर के नरसंहार के सिख शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए कांग्रेस पार्टी का बहिष्कार करना चाहिए। कांग्रेस ने हजारों निर्दोष सिखों को जीवित जला दिया और सैकड़ों महिलाओं को अपमानित किया।

सुखबीर बादल ने साधा निशाना
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल लुधियाना में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह फेज-1 दुगरी में दंगा पीड़ित कल्याण समिति द्वारा आयोजित समारोह के संबोधन के दौरान कांग्रेस पर जुबानी हमला बोला। सभा के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने आजादी के बाद से सिखों और खासकर पंजाब के साथ अन्याय किया है। नवंबर 1984 को कांग्रेस पार्टी के इशारे पर और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में हजारों निर्दोष सिखों को टायरों से जला दिया गया और सैकड़ों महिलाओं को भीड़ ने अपमानित किया। सिख समुदाय इन शर्मनाक घटनाओं कभी नहीं भूल सकता।

‘नरसंहार के लिए गांधी परिवार जिम्मेदार’
सुखबीर सिंह बादल ने इस नरसंहार के लिए गांधी परिवार को पूरी तरह से जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल हमेशा पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है और पिछली प्रकाश सिंह बादल सरकार ने उन्हें कई रियायतें दी हैं। इससे पहले शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की अध्यक्ष बीबी जागीर कौर ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सिखों पर हमेशा अत्याचार पर अत्याचार होते रहे हैं लेकिन 84 के जुल्म को कभी भुलाया नहीं जा सकता। यह सभा 1984 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद हुई सिख विरोधी हिंसा में मारे गये लोगों की याद आयोजित की गई थी।

लुधियानी शहर की 6 सीटों पर नज़र
1984 में देश के अलग-अलग हिस्सों में मारे गए निर्दोष सिखों की हत्याएं कर दी गई थीं। उनकी याद में दुगरी के गुरु सिंह सभा नजदीक सीआरपीएफ कालोनी में करवाए गए कीर्तन में भी शरीक हुए। सुखबीर बादल लुधियाना के अलग अलग क्षेत्रों में चुनाव को लेकर पूरी तरह से सक्रिय नजर आ रहे हैं। वह करीब एक माह से ही शहर में डटे हुए हैं। हर सप्ताह ही वह लुधियाना आ रहे हैं और शहर में अलग अलग जगहों पर कार्यक्रम कर रहे हैं। लुधियाना शहर की छह विधान सभा सीटें हैं और इन पर अकाली दल की नजर है और वह इन विधानसभा सीटों को जीनते के लिए पूरी तरह से कोशिश कर रहे हैं।

हरसिमरत बादल ने साधा निशाना
पंजाब कांग्रेस की लड़ाई में विरोधी खूब चटखारे ले रहे हैं। इस बार पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कांग्रेस पर करारे तंज कसे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में सरकार नहीं 100 दिन की कॉमेडी चल रही है। वित्तमंत्री मनप्रीत बादल कहते हैं कि खजाना खाली है। मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी कह रहे कि भरा हुआ है और कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू कह रहे कि ये झूठ बोल रहे। उन्होंने कहा कि पहले आपस में सलाह करके तय तो कर लो कि खजाना भरा है या खाली है।हरसिमरत ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस सिर्फ शोशेबाजी कर रही है। कांग्रेस का एक टायर दिल्ली में तो दूसरा पंजाब में जा रहा है। ऐसे में यह गाड़ी कैसे चलेगी?। यह लोग अगले 5 साल भी यही कुछ करते रहेंगे। पंजाब की जनता के लिए सरकार ने कुछ भी नहीं किया है।
ये भी पढ़ें: पंजाब में आज से पेट्रोल व डीज़ल के दाम और हो सकते हैं सस्ते, जानिए CM पर क्यों पड़ा दबाव ?












Click it and Unblock the Notifications