किसान आंदोलन खत्म होते ही पंजाब के चुनावी रण में BJP की एंट्री, जानिए कैसे रहा फर्स्ट शो ?
किसान आंदोलन की वजह से पंजाब में भारतीय जनता पार्टी प्रचार प्रसार नहीं कर पा रही थी, लेकिन कृषि कानून वापस लेने के बाद भाजपा अब चुनावी मोड में एक्टिव हो चुकी है।
चंडीगढ़, 14 दिसंबर 2021। पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र सभी सियासी पार्टियां चुनावी तैयारियों में जुटी हुई हैं। वहीं किसान आंदोलन की वजह से पंजाब में भारतीय जनता पार्टी प्रचार प्रसार नहीं कर पा रही थी, लेकिन कृषि कानून वापस लेने के बाद भाजपा अब चुनावी मोड में एक्टिव हो चुकी है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी ने आज (मंगलवार) लुधियाना में चुनावी बिगुल फूंका, भाजपा के कई दिग्गज नेताओं ने शिरकत करते हुए अधिकारियों से लेकर कार्यकर्ताओं तक में नई उर्जा का संचार किया। लुधियानामें हुए इस बैठक में पंजाब भर से क़रीब 10 हज़ार कार्यकर्ताओं ने शिरकत किया।

भाजपा ने फूंका चुनावी बिगुल
विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र भारतीय जनता पार्टी की यह बैठक काफ़ी अहम मानी जा रही थी। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री और पंजाब भाजपा के प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत, राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम समेत भाजपा कई दिग्गज नेताओं ने शिरकत की। लुधियाना पहुंचकर सोमवार से ही पंजाब भाजपा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा इस बैठक की तैयारियों की खुद से देखरेख कर रहे थे। भारतीय जनता पार्टी द्वारा फिरोजपुर रोड स्थित हर्षिला रिसोर्ट में यह बैठक रखी गई थी। बड़ी तादाद में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को में पार्टी के बड़े नेताओं ने उन्हें चुनाव के लिए माइक्रो मैनेजमेंट के गुण सिखाए।

‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ अभियान
पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र भारतीय जनता पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुटी हुई है। इसके तहत भाजपा ने 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' अभियान शुरू किया है। इसके लिए बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को तैयार किया गया और मंडल और वार्ड पदाधिकारियों को इसकी ज़िम्मेदारी दी गई। पंजाब प्रदेश परिषद की बैठक में पंजाब में भारतीय जनता पार्टी के साथ काम करने वाले सभी इकाइयों के अध्यक्षों को बुलाया गया। बैठक के दौरान पार्टी की अगली चुनावी रणनीतियों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही आज से भारतीय जनता पार्टी की तरफ से पूरे पंजाब में चुनाव प्रचार शुरू कर दिया गया।

कई वरिष्ठ लोगों ने ली पार्टी की सदस्यता
पंजाब प्रदेश परिषद की बैठक में कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली। शेर-ए-पंजाब की स्थापना करने वाले पूर्व आईएएस अधिकारी एसआर लधर ने भारतीय जनता पार्टी पंजाब के चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत की मौजूदगी में अपने राजनीतिक दल का भाजपा में विलय कर लिया। इसके अलावा कई और लोग भी भाजपा में शामिल हुए। गौतम गिरीश लधर, अमित मोदगिल, डॉ. दलजीत सिंह सोढ़ी और गुरदयाल सिंह सोढ़ी के साथ पार्टी के अन्य प्रमुख नेता भी पार्टी में शामिल हुए। पूर्व विधायक (शिअद) मोहन लाल बंगा ने भी भारतीय जनता पार्टी का दमान थाम लिया । इससे पहले वह बहुजन समाज पार्टी और फिर 2019 में कांग्रेस के सदस्य थे। आज उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया।

सियासी ज़मीन मजबूत कर रही BJP
भारतीय जनता पार्टी में प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ता समाज कल्याण के सदस्य जसवीर सिंह, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य हरपाल सिंह जल्ला भी शामिल हुए। इसके अलावा हाकम भाकरीवाला, मलकीत सिंह मंगा, बठिंडा के सामाजिक कार्यकर्ता रूपिंदर सिंह सिद्धू और गायक बुट्टा मोहम्मद ने भी भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली। वहीं लुधियाना में हुए कार्यक्रम में जैविक किसान परमजीत सिंह खालसा, पूर्व आईपीएस अधिकारी अशोक बाथ, स्थानीय अकाली नेता जेआर चाईची, शाम लाल मसीह, सुभाष बाथ, महंत डांगू मसीह, रंजीत सिंह खोजेवाल, अमरदीप गुर्जरवाल और कैप्टन स्वर्ण सिंह ने भी भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। जिस तरह से लुधियाना में आज भाजपा की बैठक में भीड़ जुटी इससे यहा अंदाज़ा लग रहा है कि भारतीय जनता पार्टी पंजाब में अपनी पकड़ काफ़ी तेज़ी से बनाने में कामयाब हो रही है।
ये भी पढ़ें: पंजाब: अलग-अलग पार्टी नहीं बनाकर, एक ही बैनर तले चुनावी बिगुल फूंकने की तैयारी में किसान संगठन












Click it and Unblock the Notifications