पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में आप की ऐसी जीत होगी, सब देखते रह जाएंगे: भगवंत मान
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रोड शो निकाला। इस दौरान भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि इन लोगों को लगता है कि अरविंद केजरीवाल को जेल में बंद करके आम आदमी पार्टी को खत्म कर देंगे, ये गलतफहमी में हैं।
केजरीवाल को तो कैद कर लोगे, लेकिन उसकी सोच को कैसे कैद करोगे। अरविंद केजरीवाल जेल में हैं लेकिन उनका मन और दिल यहीं पर है। हर रोज वकील उनसे मिलने के लिए जाते हैं, उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल उनसे मिलने के लिए जाती हैं, वो हर रोज रिपोर्ट लेते हैं। आज कुरुक्षेत्र की रिपोर्ट लेंगे। यह रिपोर्ट ऐसी जाए कि उन्हें सुकून मिले कि उनके सिपाही डटे हुए हैं।

भगवंत मान ने कहा कि मुझे पता है कि आप लोगों ने मन बना रखा है, कोई भाषण से कुछ बदलने वाला नहीं है। मैं कहना चाहता हूं कि पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में सच्चाई की ऐसी जोत जगेगी कि सब देखते रह जाएंगे। सीएम मान ने कहा कि हुकूमत वो करते हैं जिनका दिलों पर राज होता है, यूं तो कहने को मुर्गों के सिर पर भी ताज होता है। अरविंद केजरीवाल लोगों के दिलों में राज करते हैं। आज लोकतंत्र खतरे में है, संविधान खतरे में है। हमे इस बार झाड़ू से पूरा हिंदुस्तान साफ करना है।
भगवंत मान ने कहा कि मैं भाजपा वालों को कहना चाहता हूं कि हम वो पत्ते नहीं जो साख से टूटकर गिर जाएंगे, आंधियों से कह दो अपनी औकात में रहे। हमें जेल में बंद कर दो, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह को जेल में भेज दो। हेमंत सोरेन को जेल में भेज दिया। जो भी इनके खिलाफ बोलता है उसे ये लोग जेल में बंद कर देते हैं। नेताओं को तो डरा लोगे, लेकिन 140 करोड़ लोगों को कैसे डराओगे। यह देश किसी के बाप की जागीर नहीं है। हमारे पुरखों ने अपना खून देकर देश को आजादी दिलाई है। ये लोग इस देश के मालिक नहीं है। इस देश की मालिक 140 करोड़ जनता है, वो लोग फैसला करेगे।












Click it and Unblock the Notifications