'पंजाब में ग्रेनेड' बयान पर घिर गए कांग्रेस नेता बाजवा, CM मान ने पूछा, पाक से क्या रिश्ता?
Bhagwant Mann: पंजाब की सियासत में उस समय भूचाल आ गया जब कांग्रेस नेता और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता नेप्रताप सिंह बाजवा यह सनसनीखेज दावा किया कि पंजाब में 50 बम पहुंच चुके हैं, जिनमें से 18 पहले ही फट चुके हैं और बाकी 32 अब भी फटने बाकी हैं।
उनके इस बयान पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और इसे न केवल एक गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी बताया, बल्कि इसके पीछे देश-विरोधी साजिश की आशंका भी जताई है।

CM Bhagwant Mann का तीखा पलटवार
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को एक वीडियो संदेश जारी कर प्रताप सिंह बाजवा के बयान की कड़ी आलोचना की। उन्होंने इसे जनता में भय और आतंक फैलाने की कोशिश करार दिया और कहा कि अगर विपक्षी नेता का बयान सिर्फ बयानबाजी नहीं, बल्कि किसी साजिश का हिस्सा है, तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मान ने अपने संदेश में साफ शब्दों में कहा, "यदि आपने पंजाब में आतंक फैलाने के लिए ऐसा बयान दिया है, तो यह एक गंभीर अपराध है और सख्त कार्रवाई की जाएगी।" उन्होंने पुलिस को आदेश दिया है कि बाजवा से मिलकर उन स्थानों की जानकारी ली जाए जहां उन्होंने बम होने का दावा किया है।
पाकिस्तान से संबंधों पर सवाल
मुख्यमंत्री यहीं नहीं रुके उन्होंने बाजवा से तीखे सवाल करते हुए पूछा कि उन्हें इस तरह की संवेदनशील जानकारी कैसे प्राप्त हुई। मान ने पूछा, "आपको यह जानकारी कैसे मिली? आपका पाकिस्तान से क्या संबंध है कि वहां के आतंकवादी सीधे आपको फोन कर रहे हैं और बता रहे हैं कि उन्होंने कितने बम भेजे हैं? आपका स्रोत क्या है?"
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की जानकारी न तो राज्य की खुफिया एजेंसियों के पास है और न ही केंद्र सरकार के पास। ऐसे में अगर बाजवा के पास इतनी संवेदनशील जानकारी है, तो यह दर्शाता है कि उनके कुछ संदिग्ध संपर्क हो सकते हैं।
Bhagwant Mann का कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर सवाल
सीएम मान ने इस मामले में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को भी कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने पूछा कि क्या कांग्रेस पार्टी देश के दुश्मनों के साथ खड़ी है? उन्होंने कांग्रेस नेताओं से सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देने की मांग की कि वे बाजवा के इस बयान से सहमत हैं या नहीं।
"कांग्रेस नेताओं को सामने आकर स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वे देश के दुश्मनों के साथ शामिल हैं। बाजवा जैसे वरिष्ठ नेता का इस तरह का बयान न केवल पंजाब की सुरक्षा के लिए खतरा है, बल्कि यह देश की अखंडता पर भी सवाल खड़ा करता है," मान ने कहा।
'राजनीति या सुरक्षा का मामला?', सीएम मान
मुख्यमंत्री ने यह भी सवाल उठाया कि अगर बाजवा के पास वाकई में इस तरह की जानकारी थी, तो उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी पहले क्यों नहीं दी। "क्या वह बम फटने और लोगों के मरने का इंतजार कर रहे थे ताकि उनकी राजनीति चलती रहे?" यह सवाल मुख्यमंत्री मान ने गुस्से में उठाया।
फिलहाल, प्रताप सिंह बाजवा के बयान पर कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन इस बयान के बाद विपक्षी नेता चारों ओर से आलोचनाओं के घेरे में आ गए हैं। आम आदमी पार्टी की सरकार ने इस बयान को बेहद गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications