संगरूर उपचुनाव: बलवंत सिंह राजोआना की बहन लड़ेंगी चुनाव, SAD-BSP गठबंधन से कमलदीप कौर प्रत्याशी घोषित
चंडीगढ़, 04 जून: पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट पर हो रहे उपचुनावों की तैयारियां तेज हो चुकी है। ऐसे में सभी दल इस सीट को जीतने के लिए अपने-अपने उम्मीदवारों का ऐलान करने में जुटे हैं। हाल ही में जहां आम आदमी पार्टी ने इस सीट से अपनी उम्मीदवार की घोषणा की है। तो दूसरी शिअद-बसपा और सभी पंथिक संगठनों के संयुक्त उम्मीदवार के रूप में कमलदीप कौर के नाम का ऐलान किया। कमलदीप कौर बलवंत सिंह राजोआना की बहन हैं, जो पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं।

शिरोमणि अकाली दल की ओर से साझा की गई जानकारी में बताया गया कि भाई बलवंत सिंह राजोआना की बहन कमलदीप कौर राजोआना शिअद-बसपा और सभी पंथिक संगठनों के संयुक्त उम्मीदवार के रूप में संगरूर लोकसभा उपचुनाव लड़ेंगी। वह शिअद के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ेंगी और 6 जून को अपना नामांकन दाखिल करेंगी। इससे पहले कमलदीप कौर ने पटियाला जेल में बंद अपने भाई से भी मुलाकात की थी। वहीं अकाली दल के नेता भी कमलदीप कौर से मिलने उनके पास गए थे।
बता दें कि संगरूर लोकसभा सीट से पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सांसद थे, लेकिन पंजाब विधानसभा में जीतने और सीएम की कुर्सी संभालने के बाद उन्होंने इस सीट को छोड़ दिया, जिस पर अब उपचुनाव होने जा रहा है। आप ने यहां से गुरमेल सिंह के नाम की घोषणा कर दी है। गुरमेल सिंह आप के संगरूर जिले के इंचार्ज हैं।
गौरतलब है कि 31 अगस्त 1995 को पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में बलवंत सिंह राजोआना को दोषी करार दिए गया है, जिसके बाद वो पटियाला जेल में अपनी सजा काट रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications