केजरीवाल की भविष्यवाणी-CM चन्नी, सिद्धू और मजीठिया हार रहे हैं चुनाव
नई दिल्ली, 16 फरवरी: आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भविष्यवाणी की है कि, पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पंजाब प्रदेश कांग्रेस चीफ नवजोत सिंह सिद्धू और अकाली नेता बिक्रम मजीठिया अपनी-अपनी सीटों पर चुनाव हार रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप की तरफ से एक बार नहीं बल्कि तीन बार सर्वे करवाया गया है कि सिद्धू और मजीठिया हार रहे हैं। अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो पंजाब के हितों की रक्षा की जाएगी।

संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी अपनी दोनों सीट चमकौर साहिब और भदौड़ से हार रहे हैं। यही नहीं उन्होंने दावा किया कि, पंजाब प्रदेश कांग्रेस चीफ नवजोत सिंह सिद्धू और अकाली नेता बिक्रम मजीठिया दोनों ही अपनी सीटें हारने वाले हैं। इन दोनों सीटों पर आप का कैंडीडेट जीतेगा। उन्होंने कहा कि आप की तरफ से एक बार नहीं बल्कि तीन बार सर्वे करवाया गया है कि सिद्धू और मजीठिया हार रहे हैं।
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब एक बॉर्डर स्टेट है और बॉर्डर स्टेट के अंदर एक ईमानदार सरकार बननी चाहिए। ईमानदार सरकार आएगी तो वह बिकेगी नहीं और सुरक्षा सही तरीके से कर पाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस ईमानदार होगी तो न नशा आएगा और न बम आएंगे। उन्होंने कहा कि मुंबई में जो बम ब्लास्ट हुआ था उसके लिए आरडीएक्स का इस्तेमाल हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि जब इसकी जांच की गई तो पता चला कि कुछ भ्रष्ट कस्टम अधिकारियों ने आतंकवादियों को आरडीएक्स लाने के लिए मंजूरी दी थी।
केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लेते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री संसद में तो झूठ बोलते हैं। देश के गृहमंत्री गलत तरीके की बयानबाजी करते हैं। उन्होंने कहा कि देश के गृहमंत्री आंतरिक सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। केजरीवाल ने दावा किया कि, आज हमें लगभग 60 सीटें मिल रही हैं, लेकिन हम जनता से अपील करते हैं कि एक स्थिर और मजबूत सरकार सुनिश्चित करने के लिए हमें कम से कम 80 सीटें दें।
सीएम चरणजीत एस चन्नी की कथित बयान 'यूपी, बिहार के भैया को पंजाब में न आने दें' पर आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, यह बहुत ही शर्मनाक है। हम किसी व्यक्ति या किसी विशेष समुदाय के उद्देश्य से की गई टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हैं। प्रियंका गांधी भी यूपी से ताल्लुक रखती हैं इसलिए वह भी 'भैया' हैं।












Click it and Unblock the Notifications