Amritsar Bomb Threat: अमृतसर में 15 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, किसने भेजा ई-मेल? शहर में हाई अलर्ट
Amritsar Bomb Threat: पंजाब के अमृतसर में शुक्रवार, 12 दिसंबर की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब शहर के 15 नामी प्राइवेट स्कूलों (Amritsar Private Schools Bomb Threat) को बम से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल मिला। धमकी का मेल आते ही स्कूल प्रबंधन में अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
डिप्टी कमिश्नर (DC) के आदेश पर सभी स्कूलों को तत्काल छुट्टी दे दी गई और बच्चों को सुरक्षित घर भेजा गया। स्कूल परिसर सील, बम स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई। अमृतसर पुलिस की टीमें तुरंत सभी स्कूल कैंपस में पहुंचीं।

ई-मेल मिलते ही स्कूलों में भगदड़ जैसा माहौल
धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को तुरंत मैसेज कर अपने बच्चों को स्कूल से ले जाने के लिए कहा। स्कूल वैन और बसों को तुरंत बुलाकर बच्चों को सुरक्षित भेजा गया। अचानक आए इस संदेश से पेरेंट्स घबराकर स्कूलों की ओर भागे। बच्चों में भी डर और बेचैनी का माहौल देखा गया, कई बच्चे रोते हुए या जल्द घर जाने की जल्दी में दिखाई दिए।
स्कूलों को सील कर दिया गया और बम स्क्वॉड ने कमरों और परिसर की विस्तृत जांच शुरू कर दी। फायर ब्रिगेड और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। किसी भी व्यक्ति को स्कूल परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। पुलिस ने कहा है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
साइबर सेल कर रही ई-मेल की जांच
धमकी भरे ई-मेल को साइबर सेल को भेज दिया गया है। पुलिस यह पता लगा रही है कि ईमेल किस व्यक्ति, संगठन या आईपी एड्रेस से भेजा गया। अभी तक ईमेल भेजने वाले की पहचान नहीं हो सकी है लेकिन जांच तेजी से आगे बढ़ रही है।
अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने घटनाक्रम पर पहला आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के कई स्कूलों को संदिग्ध ईमेल मिला है। प्रत्येक स्कूल में एक गज़टेड अधिकारी तैनात किया गया है। एंटी-सबोटाज टीम स्कूलों की पूरी जांच कर रही है। पुलिस ने यह भी कहा कि पहले भी ऐसे मामलों में छात्र शरारत करते पकड़ में आए हैं, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है। हालांकि सुरक्षा में कोई ढील नहीं दी जा रही है।
अभिभावकों में चिंता, सुरक्षा बढ़ाई गई
धमकी के बाद शहरभर के पेरेंट्स में चिंता का माहौल है। पुलिस ने सभी को भरोसा दिलाया है कि हालात नियंत्रण में हैं और बच्चों की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित की जा रही है। वहीं स्कूलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल अमृतसर में सतर्कता बढ़ा दी गई है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications