Punjab Politics: पंजाब चुनाव जीतने का अमित शाह ने बनाया मास्टर प्लान, क्या है 117 सीटों पर BJP की रणनीति?

Amit Shah Punjab Election Master Plan: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी इस बार राज्य में सत्ता तक पहुंचने के लिए पूरी ताकत लगाने के मूड में दिखाई दे रही है।

सूत्रों के मुताबिक, पंजाब चुनाव की रणनीति की कमान सीधे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संभाल ली है। भाजपा का मानना है कि राज्य की बदलती राजनीतिक परिस्थितियां पार्टी के लिए नए अवसर पैदा कर रही हैं और यदि सही रणनीति अपनाई जाए तो पंजाब में पार्टी अपना जनाधार काफी हद तक बढ़ा सकती है।

amit-shah-master-plan-punjab-assembly-election

राज्य में AAP, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच जारी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के बीच BJP खुद को एक मजबूत विकल्प के तौर पर स्थापित करने की कोशिश में जुटी है। अकेले चुनाव, 117 सीटों पर दांव... आइए जानते हैं पंजाब साधने के लिए BJP का क्या है मास्टर प्लान?

अमित शाह करेंगे पंजाब BJP नेताओं की अहम बैठक

आज तक की रिपोर्ट के अनुसार, अमित शाह इसी महीने पंजाब बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं और संगठन पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाने वाले हैं। इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी। बताया जा रहा है कि बैठक का प्रमुख एजेंडा पंजाब में चलाए जाने वाले ड्रग्स विरोधी अभियान को अंतिम रूप देना होगा।

बीजेपी का मानना है कि नशे का मुद्दा पंजाब के सामाजिक और राजनीतिक जीवन में सबसे संवेदनशील विषयों में से एक है। पार्टी इसे चुनावी मुद्दे के रूप में जनता के बीच मजबूती से उठाना चाहती है। बीजेपी नेताओं का आकलन है कि यदि नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान को प्रभावी ढंग से चलाया गया तो युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण परिवारों के बीच पार्टी की स्वीकार्यता बढ़ सकती है।

अकाली दल से गठबंधन नहीं, 117 सीटों पर अकेले चुनाव

बीजेपी ने पंजाब की राजनीति में एक बड़ा फैसला लेते हुए यह लगभग तय कर लिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में वह शिरोमणि अकाली दल (SAD) के साथ गठबंधन नहीं करेगी। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी इस बार राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी और अकेले चुनाव मैदान में उतरेगी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह फैसला बीजेपी की स्वतंत्र पहचान को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। पार्टी अब पंजाब में सहयोगी दल की भूमिका से आगे बढ़कर खुद को मुख्य राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित करना चाहती है।

गांव और किसान होंगे रणनीति के केंद्र में

बीजेपी की चुनावी योजना का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा ग्रामीण पंजाब को माना जा रहा है। पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि वे गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क करें और घर-घर पहुंच बनाएं। इसके लिए व्यापक डोर-टू-डोर कैंपेन चलाने की तैयारी की जा रही है।

इसके अलावा किसानों, ग्रामीण युवाओं और महिला मतदाताओं के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।बीजेपी का मानना है कि पंजाब की राजनीति में ग्रामीण वोट बैंक निर्णायक भूमिका निभाता है और बिना गांवों में मजबूत उपस्थिति बनाए सत्ता तक पहुंचना मुश्किल है।

रवनीत सिंह बिट्टू की भूमिका पर खास नजर

पंजाब बीजेपी की रणनीति में केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बिट्टू का राज्यसभा कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी ने उन्हें फिलहाल दोबारा राज्यसभा भेजने का फैसला नहीं किया है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि पार्टी उन्हें पंजाब की सक्रिय राजनीति में उतारने की तैयारी कर रही है। यह भी संभावना जताई जा रही है कि वे आगामी विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि फिलहाल पार्टी उन्हें मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करने के पक्ष में नहीं दिखाई दे रही है।

Punjab Politics: पंजाब में BJP का 'हरियाणा मॉडल', क्या 2027 में गैर-जाट वोट बैंक से खुलेगा सत्ता का रास्ता?
Punjab Politics: पंजाब में BJP का 'हरियाणा मॉडल', क्या 2027 में गैर-जाट वोट बैंक से खुलेगा सत्ता का रास्ता?

संगठन के भीतर असंतोष को साधने की कोशिश

चुनावी तैयारियों के बीच पंजाब बीजेपी में कुछ असंतोष की खबरें भी सामने आई हैं। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में ढिल्लो की नियुक्ति के बाद पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की नाराजगी की चर्चाएं हुई थीं। हालांकि बाद में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इन खबरों का खंडन कर दिया। वहीं पार्टी के महासचिव डॉ. जगमोहन राजू के इस्तीफे ने भी संगठन के भीतर हलचल पैदा की है।सूत्रों का कहना है कि बीजेपी नेतृत्व लगातार वरिष्ठ नेताओं के संपर्क में है और कोशिश की जा रही है कि किसी भी प्रकार का असंतोष चुनावी तैयारियों पर असर न डाले।

बीजेपी के सामने सबसे बड़ी चुनौतियां क्या हैं?

हालांकि बीजेपी ने चुनावी रणनीति तैयार कर ली है, लेकिन उसके सामने कई बड़ी चुनौतियां भी हैं। कृषि कानूनों के खिलाफ हुए आंदोलन का असर अभी भी कई इलाकों में महसूस किया जाता है। किसानों के बीच भरोसा दोबारा मजबूत करना बीजेपी के लिए आसान नहीं होगा।

ग्रामीण और सिख बहुल क्षेत्रों में BJP का संगठन अभी भी अपेक्षाकृत कमजोर माना जाता है। आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और अकाली दल पहले से स्थापित राजनीतिक ताकतें हैं, जिनके पास अपना पारंपरिक वोट बैंक मौजूद है। फिलहाल बीजेपी के पास ऐसा कोई सर्वमान्य चेहरा नहीं दिखता जो पूरे पंजाब में पार्टी का नेतृत्व कर सके।

बहुकोणीय मुकाबले में देख रही मौका

पंजाब की राजनीति फिलहाल बहुकोणीय मुकाबले की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है। आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी चारों दल अपने-अपने स्तर पर चुनावी तैयारी कर रहे हैं। बीजेपी का मानना है कि चार-कोणीय मुकाबले में जीत और हार का अंतर अपेक्षाकृत कम होता है। ऐसे में यदि पार्टी अपने मौजूदा वोट बैंक का विस्तार करने में सफल रहती है तो वह कई सीटों पर निर्णायक बढ़त हासिल कर सकती है।

क्या अमित शाह का प्लान बदल देगा पंजाब की राजनीति?

पंजाब में बीजेपी का अब तक का सबसे बड़ा लक्ष्य अपने पारंपरिक शहरी वोट बैंक से आगे निकलकर ग्रामीण और किसान वर्ग में पैठ बनाना रहा है। अमित शाह की अगुवाई में तैयार हो रही नई रणनीति इसी दिशा में केंद्रित दिखाई देती है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि अमित शाह का यह मास्टर प्लान पंजाब की राजनीतिक जमीन पर कितना असर डालता है और क्या बीजेपी वास्तव में राज्य की सत्ता के समीकरण बदलने में सफल हो पाती है।

Punjab Politics: पंजाब में कैसे ढहा कांग्रेस का अभेद्य किला? कैप्टन-सिद्धू विवाद से AAP की सुनामी तक की कहानी
Punjab Politics: पंजाब में कैसे ढहा कांग्रेस का अभेद्य किला? कैप्टन-सिद्धू विवाद से AAP की सुनामी तक की कहानी
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+