SYL मुद्दे पर आप ने अकाली दल पर बोला हमला, 10 अक्टूबर के प्रदर्शन को बताया नाटक
पंजाब में सतलुज-यमुना नहर का मुद्दा बढ़ता ही जा रहा है। इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी और शिरोमणि अकाली दल आमने-सामने आ गए हैं। आप ने अकाली दल पर आरोप लगाया है कि ये लोग दावा करते थे कि प्रदेश से पानी की एक बूंद बाहर नहीं जाने देंगे, इन लोगों ने नहर के निर्माण की अधिसूचना जारी कर दी थी। इस पूरे मामले को लेकर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और विपक्षी दल अकाली दल के बीच लगातार रस्साकस्सी चल रही है।
पंजाब में आप के प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने इस पूरे मुद्दे पर अकाली दल के 10 अक्टूबर के प्रदर्शन को नाटक बताया है। उन्होंने कहा कि ये वही लोग हैं जिन्होंने सत्ता में रहते हुए नहर के निर्माण को लेकर अधिसूचना जारी की थी और अब ये लोग सड़क पर प्रदर्शन कर रहे हैं।

एसवाईएल नहर के निर्माण के लिए बादल सरकार ने 20 फरवरी 1978 को भूमि अधिग्रहण के लिए अधिसूचना जारी की थी। जिसकी तत्कालीन हरियाणा के मुख्यमंत्री देवीलाल ने तारीफ की थी। पंजाब सरकार के रिकॉर्ड में भी हरियाणा विधानसभा में देवीलाल का यह बयान दर्ज है।
वहीं आम आदमी पार्टी के आरोपों पर वरिष्ठ शिरोमणि अकाली दल के नेता दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि यह अकाली दल को बदनाम करने की कोशिश है। उन्होंने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री के भाषण के एक पेज का इस्तेमाल करने को लेकर आप की आलोचना की है।
चीमा ने कहा कि बादल साहब ने अपने कार्यकाल में इस नहर का निर्माण नहीं होने दिया। उन्होंने तो कर्पूरी गांव में इस नहर के निर्माण को रोकने के लिए मोर्चा भी निकाला था।












Click it and Unblock the Notifications