शटर तोड़कर अंदर घुसा युवक, 1 घंटे तक तोड़ा ATM, उसमें 11 लाख कैश था, निकाल ना पाया
होशियारपुर। सिर पर पीले रंग की पगड़ी और मुंह पर सफेद रंग का साफा बांधे एक युवक एटीएम लूटने आया। उसने पहले शटर तोड़ा, और फिर एटीएम तोड़ने लगा। इस कोशिश में उसे घंटाभर हो गया, लेकिन वह रुपए नहीं निकाल सका। वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई।

1 घंटे तक एटीएम को तोड़ता रहा युवक, नाकाम रहने पर निकला
यह घटना भारत के पंजाब राज्य के होशियारपुर ज़िले में स्थित टांडा उड़मुड़ की है, जहां रात के समय एक युवक ने अड्डा चौलांग स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को लूटने की कोशिश की। मगर, बहुत कोशिश करने के बाद भी वह अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो पाया।

पंजाब नेशनल बैंक के मैनेजर बलविंदर कुमार ने इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि, सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक रात करीब 10 बजे एक युवक एटीएम का शटर तोड़कर अंदर घुसा और एक घंटे तक एटीएम को तोड़ने की कोशिश करता रहा, लेकिन एटीएम तोड़ने में नाकाम रहा। आखिर में उसे खाली हाथ वापस लौटना पड़ा।

बैंक मैनेजर के अनुसार, उक्त एटीएम में करीब 11 लाख रुपए कैश था, जो कि सुरक्षित बच गया है। बैंक मैनेजर ने कहा कि, जो लूट के इरादे से आया, वो अंत में खाली हाथ वापस चला गया। हमारी मशीन के पार्ट्स तोड़े गए, लेकिन इतनी बड़ी रकम बच गई। पुलिस को सूचित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications