पंजाब में 6 हजार करोड़ का भोला ड्रग रैकेट का मामला, STF के सीलबंद लिफाफे के अब खुलेंगे राज
चंडीगढ़। पंजाब का 6 हजार करोड़ का भोला ड्रग रैकेट वाला मामला सियासी गलियारे में अब बवाल मचा सकता है। दरअसल, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने इस मामले की सुनवाई 13 अक्टूबर तय की है। वहीं एसटीएफ की रिपोर्ट के राज खुलने के आसार हैं। इस बारे में पंजाब की सरकार ने ही हाईकोर्ट में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की जांच की सीलबंद रिपोर्ट जमा की थी। जिसे लेकर होने वाली सुनवाई में कई नेताओं के नाम सार्वजनिक होने के आसार हैं।

13 अक्टूबर को होगी हाईकोर्ट में सुनवाई
वैसे तो हाईकोर्ट में चल रहे इस मामले की सुनवाई 1 सितंबर को होनी थी। मगर, तब जस्टिस अजय तिवारी ने खुद को सुनवाई से अलग कर लिया था। जिसके बाद चीफ जस्टिस ने यह मामला नई बेंच को भेजा। अब जस्टिस एजी मसीह और जस्टिस अशोक कुमार वर्मा इसकी सुनवाई करेंगे। एक अधिकारी ने बताया कि, एडवोकेट नवकिरन सिंह ने पिछले साल इस मामले में जल्द सुनवाई की याचिका दायर की थी।

सिद्धू बोले- नशे के बड़े व्यापारी बेनकाब होंगे
उपरोक्त मामले पर सिद्धू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। सिद्धू ने कहा कि, पंजाब में नशे के व्यापार के पीछे के मुख्य चेहरे बेनकाब होंगे। सिद्धू ने कहा कि, मुझे उम्मीद है कि दोषियों को ऐसी सजा मिलेगी कि पीढ़ियों तक नशा व्यापार को रोकने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि, अदालत द्वारा नाम बताए जाने के बाद पंजाब की पीड़ित जवानी और बच्चों को गंवा चुकी मां की यह पहली जीत होगी।

लिफाफे के राज 13 अक्टूबर को खुलेंगे?
वहीं, सिद्धू समर्थकों ने भी कहा कि, ढाई साल के इंतजार के बाद एसटीएफ के सीलबंद लिफाफे के राज 13 अक्टूबर को खुलेंगे। उन्होंने कहा कि, छह हजार करोड़ के भोला ड्रग रैकेट केस का खुलासा हमारी सरकार कराएगी।












Click it and Unblock the Notifications