बेटे की चाह में मां से ज्यादती, तांत्रिक ने निर्वस्त्र कर शरीर पर लगवाई राख
मुंबई, 31 अगस्त: आधुनिक भारत में भी लोगों के अंदर अंधविश्वास बना हुआ है। लोग अपनी इच्छाओं के लिए किसी भी हद को पार करने में लगे हुए हैं। अब ऐसा ही एक शर्मसार कर देने वाला मामला महाराष्ट्र के पुणे से सामने आया है, जहां अंधविश्वास में डूबे ससुराल वालों ने 31 साल की बहू को बेटे की चाह में तांत्रिक के कहने पर निर्वस्त्र कर पूरे शरीर पर राख से लिपटाकर रखा। इस घटना के सामने आने के बाद पीड़िता के पति, सास के खिलाफ पर केस दर्ज किया गया है।

काला जादू के नाम पर महिला के साथ ज्यादती करने वाले इस मामले में पिंपरी चिंचवड़ के चाकन पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। 31 वर्षीय महिला ने आरोप लगाते हुए बताया कि तांत्रिक ने पीड़िता के ससुराल वालों को पहले झांसा दिया कि उसके बेटा ही होगा, जिसके बाद काला जादू करते हुए महिला को पहले निर्वस्त्र करवाया और उसके बाद पूरे शरीर पर राख लगवाई गई। तांत्रिक ने अपनी क्रिया की दौरान यह भी दावा किया था कि इस तंत्र विद्या के जरिए महिला बेटे को ही जन्म देगी।
पूरे शरीर पर लगाई राख, हल्दी और कुमकुम
चाकन पुलिस थाना में दर्ज शिकायत के अनुसार महिला का पति और सास कथित तौर पर उसे पुणे जिले के खेड़ तहसील में एक तांत्रिक के पास ले गए, जहां तांत्रिक ने उसे अपने सामने राख खाने के लिए कहा और सास को वो महिला के शरीर पर मलने के लिए कहा। उसके बाद पति और सास ने घर पहुंचने के बाद कथित तौर पर उसे निर्वस्त्र किया और काले जादू के तहत उसके शरीर पर राख के साथ-साथ हल्दी और कुमकुम भी लगाया। महिला की शिकायत पर उसके पति, सास-ससुर और तांत्रिक के खिलाफ चाकन थाने में केस दर्ज किया गया है।
बेटे की चाह में प्रताड़ित हो रही मां
पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि उसके ससुराल वाले पिछले चार साल से बेटा के रूप में वारिस नहीं दे पाने के कारण उसे प्रताड़ित कर रहे हैं। पीड़िता ने इसके अलावा बताया कि उसे दहेज के लिए भी प्रताड़ित किया और कई महीनों तक उसे उसके माता-पिता के पास वापस भेज दिया गया। महिला ने यह भी बताया कि पति ने दोबारा शादी की थी, ताकि उसे बेटा मिल सके। वहीं अब इस पूरे मामले की पुलिस जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications