प्रतापगढ़: IAS के भाई की लाठी से पीट-पीटकर हत्या, आरोपी दबंग गिरफ्तार
प्रतापगढ़, 9 नवंबर: यूपी के प्रतापगढ़ जिले में मामूली बात पर आईएएस ऑफिसर राकेश शुक्ल के भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि आईएएस के भाई अश्विनी शुक्ल ने किसी दबंग को पैसे उधार दिए थे। उधार के पैसे मांगने पर दबंगों ने उन्हें डंडे से इतना पीटा कि उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी हृदय लाल उर्फ धुम्मा को गिरफ्तार कर लिया है और उसे जेल भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है। एसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि उधार के रुपए मांगने पर युवक ने डंडे से मार कर अश्विनी को घायल कर दिया था, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

उधार के रुपए मांगने पर की हत्या
घटना जिले के महेशगंज थाने के पूरे हरकेश गांव की है। आईएएस अफसर राकेश शुक्ल के भाई अश्विनी शुक्ल ने हृदय लाल उर्फ धुम्मा को उधार में रुपए दिए थे। बताया जा रहा है कि अश्विनी शुक्ल उधार दिया हुआ अपना पैसा मांगने उसके घर गए थे। इस पर नाराज दबंग ने अश्विनी के सिर पर डंडे से कई प्रहार किए। इस हमले में अश्विनी बुरी तरह लहूलुहान हो गए। परिजनों ने आनन-फानन में अश्विनी को लखनऊ के केजीएमयू अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान शाम को उनकी मौत हो गई।
हत्यारोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी हृदय लाल उर्फ धुम्मा को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर 302 की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उधर, गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि उधार के रुपए मांगने पर युवक ने डंडे से मार कर अश्विनी को घायल कर दिया था, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृतक के भाई आईएएस अफसर राकेश शुक्ल समाज कल्याण विभाग में निदेशक के पद पर तैनात बताए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications