पति से लड़ाई कर दो बच्चों संग निकली महिला, उठाया ये खौफनाक कदम
पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में गृह क्लेश के चलते परेशान महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ नहर में छलांग लगा दी। सूचना पर ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक तीनों नहर में डूब चुके थे। महिला और एक 2 साल के बच्चे का शव पुलिस ने बरामद कर लिया है वहीं दूसरा बच्चा 5 वर्ष नहर में लापता है। पुलिस में मायके वालों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि महिला का पति काम के सिलसिले में जोधपुर रहता है और बीते दिनों लॉकडाउन में घर आया था।
Recommended Video

जोधपुर में काम करने लगा था पति
जानकारी के अनुसार, थाना माधोटांडा क्षेत्र के गांव बराही की रहने वाली शरनजीत कौर की शादी कुछ वर्ष पूर्व माधोटांडा क्षेत्र के ही गांव रायपुर बिजुल्हा के दलजीत से हुई थी। बताया रहा है कि शादी कुछ दिनों तक सब ठीक रहा। इस बीच दलजीत जोधपुर काम करने लगा और वहीं रहता था और बीच-बीच घर पर आ जाता था। पिछले दो वर्षों से पति पत्नी के बीच अक्सर क्लेश होने लगा। कई बार क्लेश घर से बाहर भी निकला, लेकिन रिश्तेदारों ने दोनों को समझा बुझाकर समझदारी से रहने की सलाह देकर समझौता करवा दिया। लॉकडाउन में अभी हाल ही में दलजीत घर वापस आया।

महिला ने दो बच्चों के साथ नहर में कूदकर दी जान
सोमवार शाम दलजीत और शरनजीत कौर के बीच घरेलू कलह इतनी बढ़ गई कि शरनजीत रोती हुई अपने 5 साल के बेटे जीवन और 2 साल के बेटे अमृत पाल सिंह के साथ घर से निकल पड़ी। बताया जा रहा है कि रोते हुए शरनजीत इतने आवेश में थी कि जब तक कोई कुछ समझ पाता वह दोनों बच्चों के साथ नहर में कूद गई। यह देखते ही कोई बचाने दौड़ा तो किसी ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन चंद लम्हों में ही तीनों पानी के तेज बहाव के साथ बहते तो कभी डूबते दिखाई दिए।

पुलिस ने दलजीत को किया गिरफ्तार, जांच शुरू
सूचना पर इंस्पेक्टर माधोटांडा शहरोज अनवर मौके पर पहुंचे। उन्होंने गोताखोरों की मदद से शरनजीत और उसके दो वर्षीय बेटे अमृत पाल को नहर से निकाल लिया, लेकिन तब तक दोनों की जान जा चुकी थी। वहीं, 5 वर्षीय जीवन का कोई पता नहीं लग सका है। हालांकि, थाना अध्यक्ष पुलिस बल व गोताखोरों के साथ खोजबीन करते हुए दिउरिया नहर तक पहुंचे, लेकिन अभी तक जीवन को ढूंढा नहीं जा सका है। उधर, एक मां के अपने दो मासूम बच्चों के साथ नहर में कूदकर जान देने से क्षेत्र में हर कोई हैरान है। फिलहाल, रोज रोज के गृह क्लेश ने तीन जिंदगियों को लील लिया। वहीं, पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज कर महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है और जांच में जुट गई है।












Click it and Unblock the Notifications