रेलवे में नौकरी खत्म करने पर वरुण गांधी ने अपनी ही सरकार पर किया वार, जानिए क्या कहा ?
पीलीभीत, 29 मई: भाजपा सांसद वरुण गांधी ने एक बार फिर बेरोजगारी के मु्द्दे पर अपनी ही सरकार पर वार किया है। उन्होंने रेलवे में नौकरी के पद समाप्त किए जाने पर मीडिया रिपोर्ट साक्षा करते हुए सवाल भी उठाया है। वरुण गांधी ने रविवार को एक ट्वीट में कहा कि विगत छह वर्षों में रेलवे तृतीय-चतुर्थ श्रेणी में 72,000 हजार पद समाप्त कर चुका है। अब रेलवे का एनसीआर जोन 10,000 पदों को भी समाप्त करने जा रहा है। समाप्त होती नौकरी से तैयारी कर रहे करोड़ों युवाओं की उम्मीदें टूट रहीं हैं। वरुण गांधी ने इसके साथ ही सवाल उठाया कि यह 'वित्तीय प्रबंधन' है या 'निजीकरण' की तरफ बढ़ाया जा रहा कदम?

विभिन्न मुद्दों पर अपनी ही सरकार को घेर चुके हैं वरुण गांधी
भाजपा सांसद वरुण गांधी इससे पहले भी कई मौके पर अपनी ही सरकार को कठघरे में खड़ा कर चुके हैं। वरुण गांधी ने शनिवार को सरकार से पूछा है कि कहां गया वो बजट जो इन पदों के लिए आवंटित था? बीजेपी सासंद ने केंद्र में विभिन्न विभागों और संस्थान, स्वास्थ्य सेवाएं, प्राथमिक शिक्षा, उच्च शिक्षण संस्थान, आर्मी एवं पुलिस और न्यायालयों में खाली पड़े पदों की संख्याओं को लेकर ट्वीट किया है।
बीजेपी सांसद ने आंकड़े भी किए थे जारी
वरुण गांधी ने आंकड़े साझा करते हुए ट्वीट किया, "जब बेरोजगारी 3 दशकों के सर्वोच्च स्तर पर है तब यह आंकड़े चौंकाने वाले हैं। जहां भर्तियां न आने से करोड़ों युवा हताश व निराश हैं, वहीं 'सरकारी आंकड़ों' की ही मानें तो देश में 60 लाख 'स्वीकृत पद' खाली हैं। कहां गया वो बजट जो इन पदों के लिए आवंटित था? यह जानना हर नौजवान का हक है।"वरुण गांधी ने बीते दिनों भी बेरोजगारी के मुद्दे पर ही केंद्र को घेरते हुए कहा था कि देश प्रशासनिक अक्षमता की कीमत चुका रहा है। कहा था कि पिछले कुछ सालों में छात्रों की स्थिति खराब हुई है और उन्हें अपने अधिकारों और पढ़ाई के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। यूपी में योगी सरकार की ओर से राशनकार्ड धारकों के लिए तय की गई पात्रता को लेकर भी सवाल उठाए थे।












Click it and Unblock the Notifications