लुकाछुपी खेलते-खेलते आइसक्रीम की ट्रॉली के अंदर बैठा बच्चा, बाहर आई लाश
पीलीभीत। खेल-खेल में इंसान कब मौत के मुंह में चला जाए इससे जुड़े कई दर्दनाक किस्से अक्सर सुनने में आते हैं। ऐसा ही एक हादसा यूपी के पीलीभीत में हुआ है। अपने दोस्तों के साथ लुकाछुपी खेलते-खेलते पांच साल का बच्चा एक आइसक्रीम ट्रॉली में अंदर छिप गया। इसके बाद उसका दम घुटने लगा और मासूम की मौत हो गई। बच्चे का नाम अथर्व गुप्ता(5) है जो नर्सरी में पढ़ता था।

बच्चे के पिता अजय गुप्ता व्यापार मंडल कमेटी के अध्यक्ष हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को उनके बेटे को मामूली चोट लग गई थी, जिसके कारण उन्होंने उसे सोमवार को स्कूल नहीं भेजा। अथर्व अपने दोस्तों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। माधोटांडा पुलिस ने बताया, काफी समय बीत जाने के बाद परिवारवालों ने अथर्व को ढूंढना शुरू किया और घर के बाहर उसकी तलाश में जुट गए। परिवार के एक सदस्य ने इत्तफाक से घर के बाहर खड़ी आइसक्रीम ट्रॉली का आइस चेंबर खोला तो होश उड़ गए उसमें अथर्व की लाश पड़ी हुई थी।
एसएचओ उमेश सिंह ने बताया कि अथर्व अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था जब यह हादसा हुआ है। अभी तक परिवारवालों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई और न ही शव का पोस्टमॉर्टम किया गया।












Click it and Unblock the Notifications